
चुनाव नहीं जीतीं मीरा कुंवर, लेकिन अपने व्यवहार से कई लोगों का दिल जरूर जीत लिया
उदयपुर नगर निगम चुनाव में वार्ड 60 से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में मैदान में उतरीं किन्नर मीरा कुंवर भले ही चुनाव नहीं जीत पाईं, लेकिन अपने सहज स्वभाव, आत्मविश्वास और जनता के प्रति सोच से उन्होंने कई लोगों के दिल जरूर जीते।
एकलिंगपुरा क्षेत्र में रहने वाली मीरा कुंवर का कहना है कि चुनाव परिणाम चाहे जो रहा हो, उनकी इच्छा यही है कि जो भी प्रत्याशी जीते, वह जनता के हित में काम करे और क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता दे।
इसी सिलसिले में हमें भी मीरा कुंवर से बातचीत और साक्षात्कार का अवसर मिला। बातचीत के दौरान उन्होंने अपने जीवन के कई खट्टे-मीठे अनुभव साझा किए। उनके संघर्ष, सोच और समाज में अपनी पहचान बनाने की यात्रा को करीब से जानने का मौका मिला। उनसे मिलकर यह महसूस हुआ कि चुनाव हार-जीत से कहीं आगे भी बहुत कुछ होता है।
आज किन्नर समुदाय समाज की मुख्यधारा में अपनी भागीदारी लगातार बढ़ा रहा है। राजस्थान के हालिया निकाय चुनावों में भी अलग-अलग स्थानों से किन्नर समुदाय के लोगों ने पार्षद पद के लिए चुनाव मैदान में उतरकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी भागीदारी दर्ज कराई।
शिक्षा और प्रशासन के क्षेत्र में भी किन्नर समुदाय के लोग आगे बढ़ रहे हैं। यह बदलाव समाज में समान अवसर और स्वीकार्यता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
मीरा कुंवर चुनाव नहीं जीत पाईं, लेकिन उनकी एक बात जरूर याद रह गई—
“मैं जीतूं या न जीतूं, जो भी जीते, जनता का भला करे और क्षेत्र का विकास करे।”
शायद लोकतंत्र की असली खूबसूरती भी यही है—चुनाव परिणाम से अलग, समाज और जनता के लिए सोचने की भावना।