मुरैना स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर मुरैना जिले की समस्त शासकीय शालाओं में परंपरानुसार विशेष मध्यान्ह भोजन का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। जिला स्तरीय विशेष मध्यान्ह भोजन कार्यक्रम का आयोजन शासकीय मॉडल स्कूल, गणेशपुरा में सम्पन्न हुआ, जहाँ कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़ ने बच्चों के साथ सहभोज ग्रहण किया इस अवसर पर उनके साथ पुलिस अधीक्षक श्री धर्मराज मीणा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री कमलेश कुमार भार्गव तथा वनमंडलाधिकारी श्री हरिशचन्द्र बघेल ने विद्यार्थियों के साथ पंक्तिबद्ध बैठकर सहभोज किया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को विशेष व्यंजन के रूप में खीर, पूड़ी, बूंदी के लड्डू, बूंदी का रायता तथा दो प्रकार की स्वादिष्ट सब्जियाँ परोसी गईं। स्वादिष्ट एवं पौष्टिक भोजन प्राप्त कर बच्चे अत्यंत उत्साहित एवं प्रसन्न दिखाई दिए। उनके चेहरे पर स्वतंत्रता दिवस के उत्सव की उमंग और विशेष भोजन की खुशी स्पष्ट रूप से झलक रही थी।
कलेक्टर ने विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद कर उनकी पढ़ाई, रुचियों एवं विद्यालयीन गतिविधियों की जानकारी भी प्राप्त की। उन्होंने बच्चों को मन लगाकर अध्ययन करने तथा अपने जीवन में अनुशासन, परिश्रम और राष्ट्रप्रेम के मूल्यों को अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में उत्सवमय वातावरण बना रहा। विद्यार्थियों ने भी कलेक्टर एवं सभी जिलाअधिकारियों के साथ भोजन कर अपनी प्रसन्नता व्यक्त की। यह आयोजन स्वतंत्रता दिवस के उत्सव को बच्चों के लिए और अधिक यादगार एवं प्रेरणादायी बनाने वाला रहा।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री अश्विनी कुमार रावत, एसडीएम मुरैना श्री रामनिवास सिकरवार, डिप्टी कलेक्टर श्री उमेश अवस्थी, जिला शिक्षा अधिकारी श्री बी.एस. इंदोलिया, जिला परियोजना समन्वयक सहित शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।