
*जींद यूनाइटेड की ओर से भव्य तीज समारोह का आयोजन*
जींद। हरियाली तीज के पावन अवसर पर जींद यूनाइटेड की ओर से तीज समारोह का भव्य एवं रंगारंग आयोजन किया गया।मुख्य अतिथि के रूप में मीनाक्षी सिंगला पूरे समय उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों में सज-धजकर उत्साहपूर्वक भाग लिया और तीज के रंग में रंगते हुए लोकगीतों, नृत्य, झूले तथा विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों का आनंद लिया।
समारोह का वातावरण हरे रंग की सजावट, फूलों, मेहंदी, चूड़ियों और पारंपरिक झूलों से बेहद आकर्षक नजर आया। महिलाओं ने एक-दूसरे को तीज की शुभकामनाएं दीं और मिलकर त्योहार की खुशियां साझा कीं।
कार्यक्रम में पारंपरिक तीज गीत, हरियाणवी एवं पंजाबी लोक नृत्य, गिद्धा, बोलियां तथा मनोरंजक प्रतियोगिताओं ने सभी का मन मोह लिया। महिलाओं की प्रतिभा और उत्साह ने समारोह को और भी यादगार बना दिया।ढोल भी मुख्य आकर्षण रहा।
इस अवसर पर “Most Unique Teej Shagun” प्रतियोगिता भी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। सदस्यों एवं अतिथियों ने घर से पारंपरिक, रचनात्मक एवं अनोखे तीज शगुन लाकर अपनी कल्पनाशीलता का प्रदर्शन किया। विजेता को विशेष पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
जींद यूनाइटेड की ओर से कहा गया कि तीज केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, परंपरा, आपसी प्रेम, भाईचारे और महिला सशक्तिकरण का प्रतीक है। ऐसे आयोजन महिलाओं को अपनी संस्कृति से जोड़ने के साथ-साथ मिल-बैठकर खुशियां मनाने का सुंदर अवसर प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम के अंत में सभी सदस्यों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया और सभी को हरियाली तीज की हार्दिक शुभकामनाएं दी गईं। पूरे समारोह में “हरियाली तीज—खुशियों और उमंगों की तीज” का रंग देखने को मिला।
Ambala, Ambala | Aug 14, 2026