
अभियान बसेरा के तहत जिले की सभी पंचायतों में विशेष शिविर, वासभूमिहीन परिवारों से लिए जा रहे आवेदन
The silence media news
औरंगाबाद जिले की सभी पंचायतों में 22 से 28 सितंबर तक संचालित हो रहा विशेष अभियान, आवेदन के बाद सत्यापन एवं नियमानुसार बंदोबस्ती की कार्रवाई
जिला पदाधिकारी, औरंगाबाद अभिलाषा शर्मा के निर्देशानुसार अपर समाहर्ता अनुग्रह नारायण सिंह की अध्यक्षता में समाहरणालय के सभा कक्ष में अभियान बसेरा के अंतर्गत वासभूमिहीन परिवारों को गृहस्थल (वासभूमि) उपलब्ध कराने के संबंध में प्रेस वार्ता आयोजित की गई।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए अपर समाहर्ता ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देश के आलोक में अभियान बसेरा के अंतर्गत जिले में वासभूमिहीन परिवारों को चिह्नित कर उन्हें नियमानुसार सरकारी भूमि उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जा रही है। इसके लिए दिनांक 22 सितंबर 2026 से 28 सितंबर 2026 तक जिले की सभी पंचायतों में विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। पंचायत सरकार भवनों में राजस्व कर्मचारी एवं संबंधित कर्मियों द्वारा वासभूमिहीन परिवारों से आवेदन प्राप्त किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि शिविरों में प्राप्त आवेदनों को ऑनलाइन दर्ज किया जा रहा है। आवेदन के सत्यापन एवं जांच के उपरांत पात्र पाए जाने वाले आवेदकों को नियमानुसार सरकारी भूमि की बंदोबस्ती कर वासभूमि उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जाएगी। इसी प्रकार की व्यवस्था जिले के सभी अंचल कार्यालयों में भी की गई है, जहां इच्छुक वासभूमिहीन परिवार अपना आवेदन जमा कर सकते हैं।
अपर समाहर्ता ने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य वासभूमिहीन पात्र परिवारों को स्थानीय स्तर पर ही आवेदन करने की सुविधा उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें आवेदन के लिए किसी दूरस्थ स्थान अथवा राज्य मुख्यालय, पटना जाने की आवश्यकता न पड़े। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभियान बसेरा के तहत आवेदन अपने संबंधित पंचायत सरकार भवन में आयोजित विशेष शिविर अथवा संबंधित अंचल कार्यालय में ही जमा किया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि अभियान के तहत पूर्व में भी जिले में वासभूमिहीन परिवारों को लाभान्वित किया गया है। गत 15 अगस्त को जिले में 1,160 वासभूमिहीन लोगों को बंदोबस्ती का पर्चा वितरित किया गया था। उन्होंने कहा कि वर्तमान अभियान के माध्यम से अब भी वासभूमिहीन रह गए ऐसे परिवारों को चिह्नित किया जा रहा है, जिन्हें भूमि के अभाव में आवास योजना का लाभ प्राप्त करने में कठिनाई होती है। ऐसे परिवारों से आवेदन प्राप्त कर आवश्यक जांच एवं सत्यापन के बाद पात्रता के अनुरूप नियमानुसार लाभ उपलब्ध कराया जाएगा।
अपर समाहर्ता ने बताया कि जानकारी के अभाव के कारण कुछ आवेदक आवेदन करने के लिए पटना स्थित राज्य मुख्यालय चले गए थे। उन्होंने आमजनों से स्पष्ट रूप से अपील की कि अभियान बसेरा के तहत आवेदन करने के लिए पटना जाने की कोई आवश्यकता नहीं है। आवेदक अपने संबंधित पंचायत सरकार भवन में आयोजित विशेष शिविर अथवा संबंधित अंचल कार्यालय में ही अपना आवेदन जमा करें।आवेदन प्राप्त होने के बाद उन्हें पावती अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने आवेदकों से अपील की कि आवेदन जमा करने के उपरांत पावती अवश्य प्राप्त करें, क्योंकि पावती में आवेदन से संबंधित आवश्यक विवरण अंकित रहेगा।
उन्होंने जिले के सभी पात्र एवं वासभूमिहीन परिवारों से अपील की कि वे निर्धारित अवधि के दौरान अपने संबंधित पंचायत सरकार भवन में आयोजित विशेष शिविर में आवेदन अवश्य जमा करें तथा इस अभियान का लाभ उठाएं। जिला प्रशासन द्वारा सभी पंचायतों में शिविरों के माध्यम से आवेदन प्राप्त करने एवं आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
प्रेस वार्ता के दौरान जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्वेता प्रियदर्शी सहित जिले के इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया के ब्यूरो चीफ, जिला संवाददाता एवं छायाकार उपस्थित रहे।
#thesilencemedianews #aurangabad #औरंगाबाद #daudnagar #barun #dehrionsone