
थाना माधौगढ़ में डीएम-एसपी ने परखी व्यवस्थाएं, निर्वाचन से पहले कानून-व्यवस्था को लेकर दिए कड़े निर्देश
48 हिस्ट्रीशीटरों के सत्यापन से लेकर सीसीटीवी, महिला हेल्प डेस्क, अभिलेख और जर्जर बैरक तक की जांच, कमियों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश
जितेंद्र गुप्ता ✍️। जालौन
सम्पूर्ण थाना समाधान दिवस के उपरांत जिलाधिकारी समीर व पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने थाना माधौगढ़ का संयुक्त निरीक्षण कर थाना परिसर, पुलिस बल की उपलब्धता, अभिलेखों, हवालात, सीसीटीवी, बीट व्यवस्था, महिला हेल्प डेस्क, मिशन शक्ति केंद्र, शौचालयों एवं बैरक की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन को देखते हुए अधिकारियों ने थाना क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने उपलब्ध पुलिस बल का प्रभावी उपयोग करते हुए अपराध नियंत्रण, जनशिकायतों के निस्तारण और निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं को मजबूत रखने तथा रिक्त पदों के संबंध में उच्चाधिकारियों को अवगत कराने के निर्देश दिए। त्योहार रजिस्टर की समीक्षा करते हुए आगामी नवरात्रि एवं दुर्गा प्रतिमा विसर्जन से संबंधित समितियों, आयोजकों, विसर्जन मार्ग, तिथि, समय और वाहनों का विवरण अद्यतन करने तथा संवेदनशील स्थलों का पूर्व सत्यापन कराने के निर्देश दिए। थाना क्षेत्र के 49 ग्राम एवं 29 ग्राम पंचायतों का अद्यतन विवरण तैयार रखने के साथ उनकी संवेदनशीलता एवं विवाद संभावित स्थलों की जानकारी अभिलेखों में दर्ज करने के निर्देश दिए गए। ग्राम अपराध रजिस्टर में दर्ज मामलों की समीक्षा करते हुए अभियुक्तों के वर्तमान निवास का सत्यापन तथा आरोपपत्र दाखिल होने की स्थिति के साथ उसकी तिथि भी स्पष्ट रूप से दर्ज करने को कहा गया। हिस्ट्रीशीटर पंजिका के निरीक्षण में 48 हिस्ट्रीशीटर दर्ज पाए गए। कुछ प्रविष्टियों में जन्मतिथि संबंधी त्रुटियां तथा पुराने एवं अस्पष्ट फोटो पाए जाने पर जिलाधिकारी ने सभी हिस्ट्रीशीटरों को निर्धारित समय में थाने पर बुलाकर पहचान, जन्मतिथि, फोटो एवं व्यक्तिगत विवरण का सत्यापन कराने के निर्देश दिए। प्रत्येक सत्यापन पर अधिकारी के हस्ताक्षर एवं तिथि अंकित करने तथा निर्वाचन के दृष्टिगत उनकी गतिविधियों पर सतर्क निगरानी रखने को कहा गया।हवालात में सीसीटीवी कैमरा से नियमित निगरानी करने के निर्देश एवं साफ-सफाई की कमी पाए जाने पर तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए। थाना परिसर में स्थापित सभी आठ सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता सुनिश्चित रहे तथा फुटेज के सुरक्षित रखरखाव की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। बीट व्यवस्था की समीक्षा में थाना क्षेत्र में पांच हल्के एवं 21 बीट पाए गए। बीट संख्या-3 के कांस्टेबल की बीट बुक का अवलोकन करते हुए अधिकारियों ने ग्राम स्तर की महत्वपूर्ण घटनाओं, विवादों, आपराधिक गतिविधियों एवं संवेदनशील व्यक्तियों की जानकारी नियमित रूप से दर्ज करने के निर्देश दिए। बीट कांस्टेबलों को गौशाला, विद्यालय, स्वास्थ्य केंद्र एवं अन्य महत्वपूर्ण स्थलों का नियमित भ्रमण करने तथा लंबित प्रकरणों एवं शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन के दृष्टिगत संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील ग्रामों, मतदान केंद्रों, विवाद संभावित स्थलों तथा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले व्यक्तियों का चिन्हांकन कर अभिलेख अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए। मतदान केंद्रों का भौतिक सत्यापन, पहुंच मार्ग एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का आकलन तथा ग्राम स्तर पर पुलिस की सक्रिय उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। महिला हेल्प डेस्क एवं मिशन शक्ति केंद्र के निरीक्षण में कंप्यूटर खराब पाए जाने पर उसे तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए गए। महिला संबंधी शिकायतों को संवेदनशीलता एवं गोपनीयता के साथ सुनने तथा समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा गया। महिला जनसुनवाई एवं परिवार परामर्श केंद्र में प्राप्त शिकायतों का नियमित अभिलेखीकरण करते हुए प्रत्येक प्रकरण में की गई कार्रवाई एवं निस्तारण की स्थिति दर्ज करने के निर्देश दिए गए। थाना परिसर के महिला एवं पुरुष शौचालयों तथा पिंक टॉयलेट में साफ-सफाई बेहतर करने के निर्देश दिए गए। जर्जर बैरक का लोक निर्माण विभाग से तकनीकी परीक्षण कराकर नियमानुसार कार्रवाई करने तथा उसकी जर्जर स्थिति को देखते हुए उपयोग न करने को कहा गया। वर्तमान जी+3 हॉस्टल में पुलिसकर्मियों के लिए उपलब्ध आवासीय व्यवस्थाओं में स्वच्छता, सुरक्षा एवं मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी मनोज प्रकाश, सीओ अम्बुज, प्रभारी थाना निरीक्षक विनोद कुमार मिश्रा आदि मौजूद रहे।
#orai #jalaun #dmjalaun #spjalaun
Orai, Jalaun | Sep 26, 2026