
मुख्यमंत्री ने 4.60 लाख विद्यार्थियों को दी 148 करोड़ से अधिक की छात्रवृत्ति
जालौन के 2,521 छात्र-छात्राओं के खातों में पहुंची 56.36 लाख की छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति
अंकुर श्रीवास्तव ✍️
उरई। आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के विद्यार्थियों की शिक्षा को आर्थिक संबल प्रदान करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने शनिवार को लोक भवन, लखनऊ से पूर्वदशम एवं दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत प्रदेश के 4.60 लाख से अधिक छात्र-छात्राओं के बैंक खातों में 148 करोड़ से अधिक की छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति की धनराशि डीबीटी के माध्यम से अंतरित की। मुख्यमंत्री जी ने बटन दबाकर छात्रवृत्ति की धनराशि अंतरण की प्रक्रिया का शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री जी के कार्यक्रम का जनपद में सजीव प्रसारण विकास भवन के रानी लक्ष्मीबाई सभागार में एलईडी स्क्रीन के माध्यम से किया गया। कार्यक्रम में विधान परिषद सदस्य रमा निरंजन, कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी, जिलाधिकारी समीर, जल शक्ति मंत्री के प्रतिनिधि अरविंद चौहान, मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी संजय श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे और मुख्यमंत्री का संबोधन सुना। वित्तीय वर्ष 2026-27 में जनपद जालौन के पूर्वदशम एवं दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत 2,521 छात्र-छात्राओं को 56.36 लाख की छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति की धनराशि उनके बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से भेजी गई। छात्रवृत्ति की धनराशि सीधे खातों में पहुंचने से विद्यार्थियों को अपनी शिक्षा से जुड़े खर्चों को पूरा करने में सहायता मिलेगी। विधान परिषद सदस्य रमा निरंजन ने कहा कि छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति की व्यवस्था आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों के लिए शिक्षा जारी रखने में महत्वपूर्ण सहारा है। उन्होंने विद्यार्थियों से शासन की योजनाओं का लाभ लेकर पूरी मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी ने कहा कि सरकार द्वारा विद्यार्थियों को शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराकर उनके भविष्य को संवारने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने छात्र-छात्राओं को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहकर सफलता हासिल करने के लिए प्रेरित किया। जिलाधिकारी समीर ने कहा कि छात्रवृत्ति योजनाओं का लाभ पात्र विद्यार्थियों तक पारदर्शी एवं समयबद्ध ढंग से पहुंचाना शासन की प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र छात्र-छात्राओं को योजनाओं का लाभ दिलाने में किसी प्रकार की लापरवाही न हो। जल शक्ति मंत्री के प्रतिनिधि अरविंद चौहान ने छात्रवृत्ति योजना को विद्यार्थियों के शैक्षिक भविष्य के लिए उपयोगी बताते हुए कहा कि आर्थिक कठिनाइयों के कारण किसी विद्यार्थी की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए सरकार निरंतर प्रयास कर रही है। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने मुख्यमंत्री के संबोधन एवं छात्रवृत्ति अंतरण कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा और सुना।
#orai #jalaun #upgovt #dmjalaun #boldobharat
Orai, Jalaun | Oct 3, 2026