बड़ामलहरा पुलिस की अवैध शराब तस्करी पर कार्रवाई, 63 लीटर शराब और बाइक जब्त
बड़ा मलहरा। पुलिस अधीक्षक छतरपुर रजत सकलेचा के निर्देशन में अवैध शराब के संग्रह, विक्रय और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ामलहरा पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस को क्षेत्र भ्रमण के दौरान ग्राम कोड़न में अवैध शराब तस्करी की सूचना मिली थी। मौके पर संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें बोरी के अंदर 7 पेटी यानी 63 लीटर अवैध शराब बरामद हुई।
पुलिस ने शराब के साथ मोबाइल फोन और तस्करी में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल सहित करीब 80 हजार रुपए की सामग्री जब्त की। मामले में दो आरोपियों रामलखन यादव निवासी डोगरपुरा और छोटेलाल यादव निवासी कोड़न को अभिरक्षा में लिया गया है। वहीं एक आरोपी फरार है।
पुलिस ने तीनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया है। फरार आरोपी की तलाश जारी है। कार्रवाई में एएसपी आदित्य पटले, एसडीओपी रोहित अलावा, थाना प्रभारी रीता सिंह सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।