
ब्राह्मण समाज सामाजिक कल्याण समिति भिवानी ने धूमधाम से मनाया 80वां स्वतंत्रता दिवस
शहीदों को दी सलामी, युवाओं को नशे से दूर रहने व देश निर्माण के लिए संकल्प दिलाने का लिया प्रण
शहीदों के परिजनों व भारतीय सेना के साथ सदैव खड़ी है समिति : अधिवक्ता सुनील शर्मा
भिवानी, 16 अगस्त : ब्राह्मण समाज सामाजिक कल्याण समिति भिवानी द्वारा संस्था के कार्यालय में 80वां स्वतंत्रता दिवस अत्यंत गरिमामय एवं हर्षोल्लासपूर्ण वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि एवं संस्था पदाधिकारियों द्वारा ध्वजारोहण किया गया तथा राष्ट्रगान व वंदे मातरम के गान के साथ स्वाधीनता सेनानियों व वीर शहीदों को भावभिनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति का माहौल देखने को मिला, जहां सभी उपस्थित सदस्यों व गणमान्य नागरिकों ने शहीदों के सम्मान में गगनभेदी नारे लगाए और उनके बलिदान व राष्ट्र सेवा के महत्व पर विस्तार से चर्चा की। स्वतंत्रता दिवस समारोह को संबोधित करते हुए संस्था के प्रधान सुनील शर्मा एडवोकेट ने कहा कि हमारा देश उन अमर शहीदों के बलिदान के कारण ही आज स्वतंत्रता की सांस ले रहा है। समाज और देश की रक्षा में जुटी भारतीय सेना पर हमें गर्व है। ब्राह्मण समाज सामाजिक कल्याण समिति सदैव भारतीय सेना का सम्मान करती है तथा हमारे सैनिकों व शहीदों के परिवारों की हरसंभव मदद और सेवा के लिए हमेशा तत्पर रहती है। प्रधान सुनील शर्मा एडवोकेट ने कहा कि आने वाला समय देश की युवा पीढ़ी का है। आज के युवा ही कल देश का प्रतिनिधित्व करेंगे। इसलिए यह अति आवश्यक है कि हमारी युवा पीढ़ी को सही दिशा मिले। आज स्वतंत्रता दिवस के इस पावन अवसर पर हम सब यह संकल्प लेते हैं कि युवा वर्ग को नशे जैसी सामाजिक बुराई से बचाएंगे और उन्हें राष्ट्र निर्माण के कार्यों से जोड़ेंगे। समारोह के दौरान राष्ट्रगान एवं राष्ट्रगीत वंदे मातरम का गायन कराया गया तथा उपस्थित लोगों को स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास और राष्ट्र ध्वज की आन-बान-शान के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इस अवसर पर संस्था के वरिष्ठ उप प्रधान विजय शर्मा एवं प्रवेश भारद्वाज ने भी अपने विचार रखे और स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उप प्रधान अरविंद, संजय मिश्रा, अनिल आसरि, संतोष शर्मा सह सचिव, रोहताश शर्मा, महेंद्र शर्मा सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।