Public App Logo
पीएम श्री वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय डगशाई में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास से मनाया कुमारहट्टी, 15 अगस्त। जिला सोलन के पीएम श्री वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय डगशाई में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस बड़े ही उत्साह और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। विद्यालय के पूर्व छात्र नवीन सूद तथा भूतपूर्व सैनिक रूप लाल ठाकुर कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे। वहीं अन्हेच पंचायत के पूर्व प्रधान मोहनलाल कंवर, बड़ोग पंचायत के पूर्व उपप्रधान गुरुदेव शर्मा, वेलफेयर सोसाइटी डगशाई की अध्यक्ष तृप्ता डोगरा तथा सुषमा थापर ने विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम में भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ हुआ। इसके पश्चात उन्होंने स्काउट एवं एनसीसी दल की सलामी ली। विद्यालय के विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, नाटक, समूहगान तथा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से उपस्थित सभी अतिथियों और अभिभावकों का मन मोह लिया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि नवीन सूद ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए अनुशासित जीवन अपनाने, नशे से दूर रहने तथा शिक्षा के माध्यम से अपने जीवन में सफलता प्राप्त करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि “स्कूली बच्चों का मन कच्ची मिट्टी के समान होता है। शिक्षक जिस आकार में उन्हें ढालते हैं, वे उसी रूप में विकसित होते हैं। इसलिए विद्यार्थियों को अपने शिक्षकों का सम्मान करते हुए उनके मार्गदर्शन में आगे बढ़ना चाहिए।” विद्यालय के वाइस प्रिंसिपल चंद्रदेव ठाकुर ने सभी मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों का स्वागत करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कार्यक्रम की सफलता में योगदान देने वाले विद्यालय के समस्त शिक्षकों, कर्मचारियों तथा पीएम श्री स्कूल डगशाई के इको विभाग के प्राध्यापक भूपेंद्र शर्मा का विशेष धन्यवाद किया। साथ ही क्लस्टर परिसर के अंतर्गत उदयपुर, कुमारहट्टी और डगशाई सहित क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों से आए सभी शिक्षकगणों का भी आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम राष्ट्रगान के साथ संपन्न हुआ तथा पूरे परिसर में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का उत्साह देखने को मिला। - Himachal Pradesh News