सफाई कर्मचारियों के स्वास्थ्य की हुई जांच, स्वच्छता किट देकर किया सम्मान
कोंच। नगर पालिका कार्यालय में बुधवार को पालिका स्टॉफ और सफाई कर्मचारियों के लिए विशेष स्वास्थ्य परीक्षण शिविर लगाया गया। सीएचसी प्रभारी डॉ. अनिल शाक्य के निर्देशन में नेत्र चिकित्सक राजेश निरंजन ने आंखों की जांच कर जरूरी सुझाव दिए। इसके अलावा शुगर और बीपी की भी जांच की गई।
डॉ. अनिल शाक्य ने कर्मचारियों को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और परेशानी होने पर समय से चिकित्सकीय सलाह लेने के लिए जागरूक किया। वहीं, स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत पालिकाध्यक्ष प्रदीप गुप्ता और ईओ मोनिका उमराव ने सफाई कर्मचारियों को स्वच्छता किट वितरित कर माल्यार्पण किया और उनके सेवाभाव के लिए आभार जताया। इस दौरान सभासद और पालिका स्टॉफ मौजूद रहे।
Konch, Jalaun | Oct 1, 2026