
सफलता की कहानी: सुशासन की ओर एक और कदम, दो घंटे में जारी हुआ ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र
पुलिस भर्ती की अंतिम तिथि को देखते हुए तहसीलदार नटेरन ने की त्वरित कार्रवाई, आवेदक को समय पर मिला प्रमाण पत्र
..
सुशासन का उद्देश्य आमजन को शासकीय सेवाओं का लाभ सरल, सुगम और समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराना है। इसी दिशा में नटेरन तहसील में त्वरित कार्यवाही का उदाहरण सामने आया है, जहां पुलिस भर्ती की अंतिम तिथि को ध्यान में रखते हुए आवेदक का ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र महज दो घंटे में जारी किया गया।
ग्राम खडेर निवासी नीलम पुत्र प्रभुनाथ सिंह राजपूत ने 29 सितंबर 2026 को आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) प्रमाण पत्र बनवाने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया। आवेदक ने बताया कि आगामी पुलिस भर्ती के आवेदन की अंतिम तिथि निकट होने के कारण प्रमाण पत्र शीघ्र प्राप्त करना आवश्यक है। इस पर उन्होंने तहसीलदार नटेरन से त्वरित प्रमाण पत्र जारी करने का अनुरोध किया।
आवेदन प्राप्त होते ही तहसीलदार नटेरन श्री पीयूष जैन द्वारा तत्काल कार्यवाही प्रारंभ की गई। न्यायालय तहसीलदार नटेरन में प्रकरण क्रमांक 0131/बी-121/2026-27 दर्ज कर आवश्यक प्रक्रिया एवं संबंधित दस्तावेजों की जांच कराई गई। समस्त जांच प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद लगभग दो घंटे के भीतर ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र जारी कर दिया गया।
प्रमाण पत्र जारी करने के साथ ही उसके आदेश की प्रति भी आवेदक को उपलब्ध कराई गई, जिससे वह समय सीमा के भीतर पुलिस भर्ती की प्रक्रिया में आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत कर सके।
त्वरित और समयबद्ध कार्यवाही से प्रसन्न होकर आवेदक नीलम एवं उनके पिता प्रभुनाथ सिंह राजपूत ने तहसीलदार नटेरन तथा शासन के प्रति धन्यवाद व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समय पर प्रमाण पत्र मिलने से उन्हें पुलिस भर्ती के आवेदन में सुविधा मिलेगी। यह प्रकरण दर्शाता है कि समयबद्ध सेवा प्रदाय, त्वरित निर्णय और संवेदनशील प्रशासनिक कार्यवाही के माध्यम से आमजन की आवश्यकताओं का प्रभावी ढंग से निराकरण किया जा सकता है। #Vidisha