
प्रेस विज्ञप्ति
समाहरणालय, मधेपुरा
जिला जनसंपर्क कार्यालय, मधेपुरा
दिनांक : 14 अगस्त 2026
*वित्तीय समावेशन को गति देने की रणनीति पर बैंक एवं जीविका की महत्वपूर्ण बैठक*
*51 करोड़ रुपये के ऋण वितरण का लक्ष्य निर्धारित, जीविका दीदियों के रोजगार एवं व्यक्तिगत ऋण जरूरतों पर विशेष जोर*
मधेपुरा। भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के चेयरमैन के प्रस्तावित भ्रमण को ध्यान में रखते हुए जिले में वित्तीय समावेशन को और अधिक प्रभावी एवं व्यापक बनाने की रणनीति तय करने के उद्देश्य से शुक्रवार को क्षेत्रीय बिजनेस ऑफिस में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में भारतीय स्टेट बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक, जीविका के जिला परियोजना प्रबंधक, प्रबंधक सूक्ष्म वित्त, वित्तीय समावेशन सलाहकार, सभी शाखाओं के शाखा प्रबंधक एवं प्रखंड परियोजना प्रबंधक उपस्थित रहे।
बैठक में जिले में वित्तीय समावेशन को सुदृढ़ करने तथा अधिकाधिक पात्र लाभार्थियों तक बैंकिंग एवं ऋण सुविधाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान 51 करोड़ रुपये के ऋण वितरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया। अधिकारियों ने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए आपसी समन्वय, त्वरित ऋण प्रक्रिया तथा जीविका समूहों की वित्तीय जरूरतों को प्राथमिकता देने पर बल दिया।
बैठक में भारतीय स्टेट बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक श्री मिथिलेश कुमार ने बैंक की ओर से हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि वित्तीय समावेशन के उद्देश्यों को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारने के लिए बैंक एवं जीविका के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है।
जीविका के जिला परियोजना प्रबंधक श्री नील कमल चौधरी ने कहा कि ऋण वितरण में तेजी आने से जीविका दीदियों के लिए स्वरोजगार एवं रोजगार के अवसरों में वृद्धि होगी तथा उनके आर्थिक सशक्तीकरण को नई गति मिलेगी। उन्होंने जीविका दीदियों की व्यक्तिगत ऋण आवश्यकताओं पर भी विस्तार से प्रकाश डालते हुए बैंकिंग व्यवस्था के माध्यम से उनकी जरूरतों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने की आवश्यकता बताई।
बैठक में जीविका की ओर से जिला परियोजना प्रबंधक श्री नील कमल चौधरी, प्रबंधक सूक्ष्म वित्त श्री देवाशीष जायसवाल एवं वित्तीय समावेशन सलाहकार श्री मदन साहनी सहित संबंधित पदाधिकारी एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक का मुख्य उद्देश्य बैंकिंग सेवाओं की पहुंच को अधिक व्यापक बनाते हुए जीविका दीदियों एवं अन्य पात्र लाभार्थियों को समय पर वित्तीय सहायता उपलब्ध कराना तथा वित्तीय समावेशन के माध्यम से आर्थिक आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना रहा।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar