
वन्दे भारत लाइव न्यूज़ :मांट विधायक राजेश चौधरी को पाकिस्तान से धमकी, SSP से की शिकायत मथुरा। मांट विधानसभा सीट से भाजपा विधायक एवं प्रदेश महामंत्री राजेश चौधरी को पाकिस्तानी नंबर से धमकी भरा फोन कॉल आने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। विधायक ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) से मिलकर लिखित शिकायत दी है और खुद व परिवार की सुरक्षा की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विधायक राजेश चौधरी के अनुसार, 28 सितंबर की रात 10:38 बजे उनके मोबाइल पर पाकिस्तान के नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने कथित तौर पर कहा कि वे मुसलमानों के खिलाफ बोलना बंद कर दें। धमकी देने वाले ने कहा कि वह पाकिस्तान से बोल रहा है और भारत में मौजूद अपने साथियों के जरिए उनका इंतजाम कर देगा।
इसके बाद रात 2:17 बजे उसी पाकिस्तानी नंबर से दोबारा फोन आया। दूसरी कॉल में विधायक और उनके पूरे परिवार को बम से उड़ाने की धमकी दी गई। बताया जा रहा है कि कॉलर ने खुद को लश्कर-ए-तैयबा का सदस्य बताते हुए अभद्र भाषा का भी प्रयोग किया।
विधायक ने बताया कि उन्हें पहले भी इस तरह की धमकी भरी कॉल मिल चुकी हैं। ताजा घटना के बाद उन्होंने नगर कोतवाली में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस साइबर सेल की मदद से नंबर की जांच में जुटी है।
घटना के बाद विधायक के घर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय नंबर से आई कॉल के सभी तकनीकी पहलुओं की जांच की जा रही है।
Hodal, Palwal | Sep 30, 2026