
अवैध गैस रिफिलिंग मामले में 5 हजार रुपए का इनामी आरोपी गिरफ्तार
अजमेर के मांगलियावास थाना पुलिस ने अवैध गैस रिफिलिंग के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 हजार रुपए के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पिछले कई महीनों से फरार चल रहा था। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी को प्रतापगढ़ जिले से डिटेन कर गिरफ्तार किया। हाईवे पर स्थित होटल-ढाबों पर अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए अजमेर पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाल के निर्देश पर मांगलियावास थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की। दरअसल, 31 मई 2026 को मांगलियावास थाना क्षेत्र के केसपुरा गांव स्थित काका होटल पर तलाशी के दौरान अवैध गैस रिफिलिंग का खुलासा हुआ था। कार्रवाई के दौरान मौके से एक कैप्सूल गैस टैंकर से अवैध रूप से गैस रिफिलिंग कर पिकअप में रखे कमर्शियल सिलेंडरों में गैस भरी जा रही थी। पुलिस ने मौके से गैस टैंकर, पिकअप और 42 कमर्शियल सिलेंडर जब्त किए थे। मामले में पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। फरार आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई। टीम ने संदिग्ध मोबाइल नंबरों की सीडीआर और सीसीटीवी फुटेज की जांच के साथ मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। इसी दौरान पुलिस को सफलता मिली और कलीम खान पुत्र मोहम्मद सलीम, उम्र 34 वर्ष, निवासी पूरे रमजान ग्राम भावनपुर, थाना जेठवारा, जिला प्रतापगढ़, उत्तर प्रदेश को डिटेन कर गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी की गिरफ्तारी पर 5 हजार रुपए का इनाम घोषित था। फिलहाल मामले में आरोपी से पूछताछ की जा रही है और प्रकरण में आगे का अनुसंधान जारी है।
Ajmer Police Rajasthan
Ajmer, Ajmer | Aug 10, 2026