
*_स्वतंत्रता दिवस समारोह-2026_*
*कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीना जिला स्तरीय मुख्य समारोह में ध्वजारोहण करेंगे*
*सवाई माधोपुर, 14 अगस्त।* आजादी का पर्व 80वॉ स्वतन्त्रता दिवस समारोह पूर्ण गरिमा एवं हर्षाेल्लास के साथ 15 अगस्त को पुलिस लाइन परेड मैदान में मनाया जाएगा। पुलिस लाइन परेड मैदान में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय समारोह में कृषि, उद्यानिकी एवं ग्रामीण विकास, आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ. किरोडी लाल मीणा प्रातः 9ः05 बजे ध्वजारोहण करेंगे।
कार्यवाहक जिला कलक्टर गौरव बुडानिया ने जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह दिवस राष्ट्र के वीर स्वतंत्रता सेनानियों के अद्वितीय त्याग, बलिदान और समर्पण का स्मरण करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि सभी नागरिक राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों से प्रेरणा लें तथा विकसित, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
समारोह के दौरान मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा मुख्य अतिथि के रूप में राजस्थान पुलिस, एनसीसी तथा स्काउट गाईड्स की टुकड़ियों की परेड का निरीक्षण कर मार्च पास्ट की सलामी लेंगे। इसके पश्चात वंदे मातरम् राष्ट्रगीता का सामूहिक गायन होगा। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर संजय शर्मा द्वारा राज्यपाल के संदेश का पठन किया जाएगा।
जिला स्तरीय समारोह के दौरान मुख्य अतिथि डॉ. किरोड़ी लाल मीणा, कार्यवाहक जिला कलक्टर गौरव बुडानिया, जिला पुलिस अधीक्षक ज्येष्ठा मैत्रेयी द्वारा स्वतन्त्रता सैनानियों के आश्रितों का सम्मान किया जाएगा एवं जिले में उत्कृष्ट एवं उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्यिों एवं संस्थाओं को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। समारोह में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा सामुहिक व्यायाम प्रदर्शन, सामूहिक नृत्य एवं राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों का प्रदर्शन भी किया जाएगा। इससे पूर्व स्वतंत्रता दिवस पर सभी राजकीय कार्यालयों में प्रातः 8 बजे, जिला कलक्टर निवास प्रातः 8ः15 बजे, जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय में प्रातः 8ः30 बजे ध्वजारोहण किया जाएगा।