
किशनगढ़ में जान से मारने की नीयत से हमला, तीन आरोपी गिरफ्तार
अजमेर। किशनगढ़ शहर थाना पुलिस ने जान से मारने की नीयत से हमला करने के मामले में पिछले तीन माह से फरार चल रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल वाहन कार आरजे 42 सीयू 9044 और हमला करने में प्रयुक्त पत्थर भी जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार 11 मई 2026 को परिवादी महेन्द्र माली ने थाने में रिपोर्ट दी थी कि उसका भाई दीपक और भाभी माताजी लक्ष्मीदेवी दोनों मोटरसाइकिल से लेकर दुकान जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में मनीष माली, आकाश, गणपत माली और तीन-चार अन्य व्यक्ति स्कॉर्पियो में सवार होकर आए और गाड़ी आड़ी लगाकर दीपक पर जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया। आरोपियों ने मारपीट के साथ पत्थर से हमला किया, जिससे दीपक के सिर, रीड की हड्डी, दोनों टांगों और आंख पर चोटें आईं।
मामले में पुलिस ने विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अजमेर हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी। लगातार प्रयास के बाद पुलिस ने मनीष माली, अमित और देवेन्द्र सिंह उर्फ प्रेमसिंह को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी गिरफ्तारी के डर से लंबे समय से फरार चल रहे थे और लगातार अपने ठिकाने बदल रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है। मामले में पुलिस की जांच जारी है।
Ajmer Police Rajasthan
Ajmer, Ajmer | Aug 12, 2026