युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के 'मेरा युवा भारत' (MY Bharat), धार के तत्वावधान में तथा जिला युवा अधिकारी दीर्घा राजावत के मार्गदर्शन में 'स्वच्छता पखवाड़ा' के अंतर्गत 'गंदगी मुक्त भारत' अभियान के तहत एक विशेष स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया।
यह अभियान धार जिले के डही ब्लॉक विकासखंड में नर्मदा घाट के समीप स्थित प्राचीन मेघनाथ घाट पर MY Bharat वॉलंटियर अमित पवार के नेतृत्व में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस विशेष सफाई अभियान में 12 MY Bharat वॉलंटियर्स ने अत्यंत उत्साह और ऊर्जा के साथ भाग लिया।
अभियान के दौरान वॉलंटियर्स ने न केवल मेघनाथ घाट परिसर की गहन साफ-सफाई की, बल्कि वहाँ उपस्थित आमजनों और श्रद्धालुओं को स्वच्छता के महत्व से अवगत कराते हुए जागरूक भी किया।
कार्यक्रम के दौरान वॉलंटियर्स ने यह संकल्प व्यक्त किया कि स्वच्छता केवल किसी एक अभियान या आयोजन तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे हमें अपनी दैनिक दिनचर्या, आदत और नैतिक जिम्मेदारी का हिस्सा बनाना होगा।
Jansampark Madhya Pradesh