
बाजरा खरीद को लेकर राव इंद्रजीत ने मुख्यमंत्री से की बात
किसानों की उपज सरकारी मूल्य पर खरीद सुनिश्चित करने की मांग
रेवाड़ी समाचार पंकज कुमार
: दक्षिणी हरियाणा में बाजरा खरीद को लेकर किसानों की चिंताओं के बीच केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने शनिवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से दूरभाष पर बातचीत की। उन्होंने सरकारी एजेंसी द्वारा बाजरे की खरीद न करने की चिंता मुख्यमंत्री के सामने व्यक्त की। उन्होंने यह भी कहा कि सरकारी एजेंसियां किसानों के बाजरे में कमी निकाल कर किसानों को परेशान कर रही है। उन्होंने क्षेत्र में बाजरा खरीद की व्यवस्था और किसानों को आ रही समस्याओं पर चर्चा करते हुए उपज की सरकारी मूल्य पर खरीद सुनिश्चित करने का आग्रह किया। राव ने मुख्यमंत्री से बात करने से पूर्व रेवाड़ी, नारनौल के जिला उपायुक्तों से बाजरे खरीद की रिपोर्ट ली उन्होंने किसानों की समस्याओं को हल करने के लिए निर्देश दिए।
राव इंद्रजीत सिंह ने मुख्यमंत्री के समक्ष कहा कि दक्षिणी हरियाणा बाजरा उत्पादन का प्रमुख क्षेत्र है और बड़ी संख्या में किसान इस फसल पर निर्भर हैं। ऐसे में खरीद व्यवस्था में किसी प्रकार की परेशानी किसानों के लिए आर्थिक नुकसान का कारण बन सकती है। उन्होंने किसानों की उपज का एक-एक दाना सरकारी निर्धारित मूल्य पर खरीदे जाने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि किसानों को अपनी फसल बेचने के लिए कम कीमत पर निजी खरीदारों पर निर्भर नहीं रहना पड़े, इसके लिए सरकारी खरीद व्यवस्था प्रभावी और पर्याप्त होनी चाहिए। खासतौर पर बाजरा उत्पादक दक्षिणी हरियाणा के किसानों के हितों को प्राथमिकता देने की बात उन्होंने मुख्यमंत्री के समक्ष रखी।
सीएम ने दिया आवश्यक कदम उठाने का भरोसा: बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बाजरा खरीद को लेकर सकारात्मक रुख अपनाते हुए किसानों के हित में आवश्यक कदम उठाने का भरोसा दिया। इससे बाजरा उत्पादक किसानों को खरीद व्यवस्था में राहत मिलने की उम्मीद जगी है।
Rewari, Rewari | Oct 3, 2026