
मेले में महिला के गले से सोने की चेन चोरी करने के मामले में दो और आरोपी गिरफ्तार।
-मामले में दो महिला आरोपियों को पुलिस पहले ही कर चुकी है गिरफ्तार
दोनों नए आरोपियों को अदालत में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया
रेवाड़ी समाचार पंकज कुमार।
पुलिस अधीक्षक रेवाड़ी श्री हेमेंद्र कुमार मीणा, आईपीएस के कुशल मार्गदर्शन में रेवाड़ी पुलिस द्वारा अपराधियों और आपराधिक गतिविधियों पर नकेल कसने के लिए चलाए जा रहे "ऑपरेशन ट्रैक डाउन" अभियान के तहत थाना कोसली पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने भैरमपुर गांव स्थित मंदिर मेले में एक महिला के गले से सोने की चेन चोरी करने के मामले में संलिप्त दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अमन तथा समुन्द्र उर्फ दीवान निवासी गांव मांढैया खुर्द, हाल आबाद रामनगर कालोनी, रामगढ़ रोड, रेवाड़ी के रूप में हुई है।
मामले का विवरण:
जांचकर्ता ने बताया की गत 25 जनवरी को रेवाड़ी के सेक्टर-4 पीपरा की ढाणी निवासी अनमोल यादव ने अपनी शिकायत में बताया था कि 18 जनवरी को वह भैरमपुर गांव के मंदिर में लगे मेले में अपनी पत्नी व बच्चों को लेकर आया था। उसकी पत्नी ने गले में सोने की चेन पहनी हुई थी। मंदिर में दर्शन करने के बाद जब वह घर पहुंचे तो उसकी पत्नी के गले की चेन गायब मिली। काफी तलाश करने के बाद भी चैन का कोई पता नहीं चला। उसने इस संबंध में मेला प्रबंधन कमेटी से संपर्क किया, तो मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की गई। फुटेज में उसकी पत्नी के आगे-पीछे दो महिलाएं नजर आई। उसने दोनों महिलाओं पर चेन चोरी का संदेह जाहिर किया था।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई:
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना कोसली पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए फुटेज में दिख रही दोनों संदिग्ध महिला आरोपियों—शीतल तथा नीलम (निवासी गांव मांढैया खुर्द)—को पूर्व में ही गिरफ्तार कर जेल की सलाखों के पीछे भेज दिया था।
इसी कड़ी में "ऑपरेशन ट्रैक डाउन" के तहत तकनीकी साक्ष्यों व गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने बुधवार को इस गिरोह से जुड़े दो और आरोपियों अमन और समुद्र उर्फ दीवान को भी धर दबोचा।
अगली कानूनी कार्रवाई:
पुलिस ने दोनों गिरफ्तार आरोपियों को माननीय अदालत के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें गहन पूछताछ और चोरी की गई सोने की चेन की बरामदगी के लिए एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस मामले में अग्रिम अनुसंधान कर रही है।
Rewari, Rewari | Aug 13, 2026