
#विद्युत_उपभोक्ताओं को अक्टूबर में 5.24% की मिलेगी एफपीपीसीए राहत, उपभोक्ताओं को मिलेगा करीब ₹424 करोड़ का लाभ
#लखनऊ....#उत्तर प्रदेश के करोड़ों बिजली उपभोक्ताओं को अक्टूबर माह में एफपीपीसीए (ईंधन अधिभार) के तहत 5.24 प्रतिशत की राहत मिलेगी। उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (UPPCL) ने आज एफपीपीसीए से संबंधित आदेश जारी कर दिया है। इसके साथ ही अक्टूबर माह में बिजली की दर में प्रभावी रूप से 5.24 प्रतिशत की कमी होगी और प्रदेश के बिजली उपभोक्ताओं को लगभग 424 करोड़ रुपये का कुल लाभ मिलेगा।
उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत उपभोक्ता परिषद के अध्यक्ष एवं राज्य सलाहकार समिति के सदस्य अवधेश कुमार वर्मा ने कहा कि उपभोक्ता परिषद ने अक्टूबर माह में 5 प्रतिशत से अधिक एफपीपीसीए राहत मिलने की जो बात कही थी, वह आज जारी UPPCL के आदेश के बाद सही साबित हुई है।
उन्होंने कहा कि सितंबर माह में उपभोक्ताओं को 7.93 प्रतिशत, अगस्त में 2.92 प्रतिशत और जुलाई में 4.43 प्रतिशत की राहत मिल चुकी है। अब अक्टूबर में 5.24 प्रतिशत की राहत मिलने से यह लगातार चौथा महीना है, जब एफपीपीसीए के माध्यम से बिजली उपभोक्ताओं को राहत मिली है।
अवधेश वर्मा ने कहा कि उपभोक्ता परिषद द्वारा एफपीपीसीए की गणना, बिजली खरीद लागत और उपभोक्ताओं को मिलने वाले वैधानिक लाभ का मामला लगातार उत्तर प्रदेश विद्युत नियामक आयोग (UPERC) के समक्ष मजबूती से उठाया गया। परिषद की लगातार पैरवी और नियमानुसार गणना सुनिश्चित कराने के प्रयासों के बाद उपभोक्ताओं को बिजली खरीद लागत में कमी का लाभ मिलना लगातार जारी है।
उन्होंने कहा कि अक्टूबर में मिलने वाली 5.24 प्रतिशत की राहत से लगभग 424 करोड़ रुपये का लाभ सीधे प्रदेश के बिजली उपभोक्ताओं को मिलेगा। उपभोक्ता परिषद आगे भी एफपीपीसीए की गणना और उसके लाभ पर लगातार नजर रखेगी, ताकि बिजली उपभोक्ताओं को उनका वैधानिक लाभ समय से मिलता रहे।