#नोखा में 51 लाख की ATM कैश वैन लूट का खुलासा, कर्मचारी ही निकला साजिश का मास्टरमाइंड
#पांचू थाना पुलिस ने 5 अगस्त को साधुणा-सारूंडा मार्ग पर हुई 51 लाख रुपये की ATM कैश वैन लूट की वारदात का खुलासा करते हुए कैश वैन कस्टोडियन सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार कैश वैन में तैनात कस्टोडियन विक्रमसिंह ने अपने साथियों के साथ मिलकर लूट की पूरी साजिश रची थी।
सीओ नोखा जरनैल सिंह, नोखा थानाधिकारी गोविंद सिंह चारण और पांचू थानाधिकारी ईश्वर प्रसाद जांगिड़ ने प्रेस वार्ता में बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विक्रमसिंह (23) निवासी चरकड़ा, हाल बाबा छोटूनाथ कॉलोनी नोखा और श्यामसुंदर (20) निवासी स्वरूपसर, पांचू के रूप में हुई है। दोनों से पुलिस गहनता से पूछताछ कर रही है।
पुलिस के मुताबिक 5 अगस्त को सीएमएस इंफो सिस्टम्स लिमिटेड की कैश वैन बैंक से 51 लाख रुपये लेकर ATM में कैश लोड करने के लिए निकली थी। सारूंडा रोड पर करीब 5-7 किलोमीटर पहले बिना नंबर की कैंपर गाड़ी में सवार बदमाशों ने कैश वैन को रोक लिया। आरोपियों ने चालक पर पिस्तौल तानकर कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी दी और कैश बॉक्स सहित 51 लाख रुपये लेकर फरार हो गए।
जांच के दौरान पुलिस को कैश वैन के कस्टोडियन विक्रमसिंह की भूमिका संदिग्ध लगी। पूछताछ और तकनीकी जांच में सामने आया कि विक्रमसिंह ने अपने साथियों के साथ एक दिन पहले ही लूट की योजना बनाई थी। उसकी जिम्मेदारी बैंक से नकदी लेकर नोखा के ATM में लोड करने की थी, लेकिन वह जानबूझकर कैश वैन को नोखा से सारूंडा की ओर ले गया।
पुलिस के अनुसार रास्ते में उसके साथियों ने कैंपर से कैश वैन का पीछा किया और टक्कर मारकर उसे रुकवाया। बदमाशों ने चालक और कर्मचारियों को हथियार दिखाकर डराया, जबकि विक्रमसिंह ने अंदर से कैश वैन का पिछला गेट खोल दिया। इसके बाद आरोपी कैश बॉक्स लेकर फरार हो गए।
पुलिस जांच में दो अन्य आरोपियों के नाम भी सामने आए हैं, जिनकी तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार लूटी गई रकम इन्हीं फरार आरोपियों के पास होने की जानकारी मिली है। पुलिस अब रकम की बरामदगी के साथ वारदात में इस्तेमाल वाहन और हथियारों की तलाश में जुटी है।
कैश वैन में लगे CCTV के DVR में फिलहाल रिकॉर्डिंग नहीं मिली है। रिकॉर्डिंग रिकवर करने के लिए DVR को FSL भेजा गया है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को पुलिस ने सात दिन के रिमांड पर लिया है।
कार्रवाई आईजी बीकानेर रेंज ओमप्रकाश, एसपी मृदुल कच्छावा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण बनवारीलाल मीणा और नोखा सीओ जरनैल सिंह के निर्देशन में पांचू थानाधिकारी ईश्वर प्रसाद जांगिड़ के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में नोखा थाना, जसरासर थाना और DST टीम ने भी सहयोग किया।