
राजेश जोशी मौत मामला: परिजनों ने निष्पक्ष जांच की मांग, साजिश की आशंका जताई
मथानियां। बड़ाबास निवासी एवं ट्रैवल एजेंसी संचालक राजेश जोशी उर्फ काजू (30) की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में परिजनों ने घटना की निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठाई है। मंगलवार को परिजनों ने मथानिया थाना अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मामले की हर पहलू से जांच कराने का आग्रह किया।
मृतक के भाई भरत जोशी ने ज्ञापन में बताया कि 1 अगस्त की रात राजेश की मौत हो गई थी। अस्पताल में चिकित्सकों ने प्रारंभिक जांच में जहरीला पदार्थ सेवन को मौत का कारण बताया, लेकिन परिवार को इस पूरे घटनाक्रम पर संदेह है। उनका कहना है कि यह मामला सामान्य नहीं है और इसके पीछे साजिश हो सकती है।
परिजनों ने पुलिस से मांग की है कि मृतक के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल और चैट रिकॉर्ड, बैंक खातों के लेन-देन, संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ, घटनास्थल व आसपास के सीसीटीवी फुटेज तथा मेडिकल रिपोर्ट की विस्तार से जांच कराई जाए, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सके।
परिजनों का यह भी कहना है कि राजेश का कुछ लोगों के साथ आर्थिक लेन-देन था और घटना से पहले वह लगातार उनके संपर्क में था। ऐसे में इन सभी बिंदुओं की गंभीरता से जांच की जानी चाहिए।
मथानियां थाना अधिकारी तुलसी चौधरी ने बताया कि घटना सूरसागर थाना क्षेत्र की होने के कारण ज्ञापन संबंधित अधिकारियों को भेजा जाएगा। वहीं पुलिस ने बताया कि एमडीएम अस्पताल में पोस्टमार्टम सहित आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। सूरसागर थाने में मर्ग दर्ज कर जांच की जा रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।