
बिहार में शिक्षक भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। BPSC की ओर से जारी परीक्षा कैलेंडर में TRE-4.0 के लिए 32,388 पद दिखाए गए हैं।
इस बार शिक्षक भर्ती परीक्षा में प्रारंभिक परीक्षा (PT) के साथ मेंस परीक्षा भी होगी, यानी कैंडिडेट्स को दो चरणों में लिखित परीक्षा देनी होगी।
TRE-4 से पहले हुए TRE-1, TRE-2 और TRE-3 में एक ही लिखित एग्जाम के आधार पर चयन किया गया था। तीनों शिक्षक भर्ती परीक्षाओं में अभ्यर्थियों को अलग से PT और मेंस की प्रक्रिया से नहीं गुजरना पड़ा था। अब TRE-4 में BPSC ने दो चरणों वाली परीक्षा का प्रावधान किया है।
TRE-4 में 32,388 पदों पर होगी बहाली
BPSC की ओर से शुक्रवार को परीक्षा कैलेंडर जारी किया गया है। इस परीक्षा कैलेंडर के अनुसार, TRE-4 में 32,388 पद हैं। इसमें पीटी और मेंस दोनों चरणों की परीक्षा होगी।
हालांकि, कैलेंडर में अभी TRE-4 की परीक्षा की तारीख घोषित नहीं की गई है। इसमें PT की तारीख TBD यानी बाद में तय की जानी है। कैलेंडर में यह भी स्पष्ट किया गया है कि विज्ञापन अवधि पूरी होने के बाद PT की तारीख जारी की जाएगी।
इसके बाद सफल अभ्यर्थियों को मेंस परीक्षा में शामिल होना होगा। यानी इस बार शिक्षक भर्ती में अभ्यर्थियों को पहले की तुलना में एक अतिरिक्त परीक्षा देना होगा।