
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत होमगार्ड, SDERF एवं नागरिक सुरक्षा वॉलेंटियर्स ने किया रक्तदान
..
जिला अस्पताल विदिशा में आयोजित रक्तदान शिविर में 15 यूनिट से अधिक रक्तदान
..
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत बुधवार को श्रीमंत माधवराव सिंधिया शासकीय जिला चिकित्सालय में होमगार्ड, SDERF एवं नागरिक सुरक्षा (Civil Defence) वॉलेंटियर्स द्वारा रक्तदान शिविर में शामिल होकर रक्त दान किया गया है। शिविर में होमगार्ड, SDERF के जवानों एवं नागरिक सुरक्षा वॉलेंटियर्स ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए 15 यूनिट से अधिक रक्तदान किया।
कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता के निर्देशानुसार डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट होमगार्ड, SDERF एवं नागरिक सुरक्षा श्री मयंक कुमार जैन के नेतृत्व में आयोजित इस रक्तदान शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ ही आमजन में रक्तदान के प्रति जागरूकता और सामाजिक सेवा की भावना को बढ़ावा देना रहा।
रक्तदान करने वाले होमगार्ड एवं SDERF जवानों तथा नागरिक सुरक्षा वॉलेंटियर्स ने कहा कि रक्तदान मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। एक व्यक्ति द्वारा किया गया रक्तदान आवश्यकता के समय किसी मरीज के जीवन को बचाने में उपयोगी हो सकता है। शिविर में प्रतिभागियों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी का परिचय दिया।
रक्तदान से प्राप्त रक्त को जिला अस्पताल के ब्लड बैंक में सुरक्षित रखा जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर यह रक्त जरूरतमंद मरीजों को उपलब्ध कराया जाएगा। इस पहल से अस्पताल में उपचाररत मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता बनाए रखने में सहयोग मिलेगा।
डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट श्री मयंक कुमार जैन ने रक्तदान करने वाले सभी होमगार्ड एवं SDERF जवानों तथा नागरिक सुरक्षा वॉलेंटियर्स की सराहना करते हुए कहा कि रक्तदान एक पुनीत कार्य है। हमारे द्वारा किया गया रक्तदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने कहा कि समाज के अन्य वर्गों को भी आगे आकर नियमित रूप से रक्तदान के लिए प्रेरित होना चाहिए। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत होमगार्ड, SDERF एवं नागरिक सुरक्षा विभाग द्वारा समाज सेवा, जनकल्याण एवं जनभागीदारी से जुड़े विभिन्न कार्यों में निरंतर सहभागिता की जा रही है। #SevaSankalpAbhiyan #vidisha