Public App Logo
कोईलवर-छपरा फोरलेन पर महाजाम, तीन थाना क्षेत्रों में वाहनों की लंबी कतार कोईलवर: कोईलवर-छपरा फोरलेन पर रविवार सुबह से ही भीषण जाम की स्थिति बनी हुई है। चांदी, कोईलवर और बबुरा थाना क्षेत्र में सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लगी है। राजापुर इंग्लिशपुर से लेकर चांदी तक वाहन रेंगते नजर आ रहे हैं। जाम के कारण यात्रियों, ट्रक चालकों और अन्य वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। राजापुर के समीप दोपहर में फोरलेन की चारों लेन पर वाहनों की कतार लग गई। मोतिहारी से बक्सर जा रहे ट्रक चालक संतोष कुमार ने बताया कि वह करीब दो घंटे से जाम में फंसे हैं। उनका कहना है कि जाम कब तक समाप्त होगा, इसकी कोई जानकारी नहीं है। जाम की वजह से कई किलोमीटर तक वाहनों की रफ्तार थम गई है। छोटे-बड़े वाहन चालक गर्मी और उमस के बीच घंटों सड़क पर फंसे हुए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि फोरलेन पर आए दिन जाम की समस्या बनी रहती है, लेकिन रविवार को स्थिति ज्यादा गंभीर रही। सदर एसडीपीओ-2 रंजीत कुमार सिंह ने बताया कि चांदी थाना क्षेत्र के रूपचकिया गांव के समीप शनिवार रात अज्ञात ट्रक की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हुई थी। दुर्घटना के बाद सड़क पर उत्पन्न स्थिति के कारण यातायात प्रभावित हुआ और जाम की समस्या बनी। पुलिस दुर्घटना से जुड़ी कार्रवाई में जुटी है। - Barhara News