*कलेक्टर ने शहीद संग्रहालय में किया ध्वजारोहण*
*पंडित रामप्रसाद बिस्मिल सहित जिले के वीर शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर दी श्रद्धांजलि*
मुरैना/देश के 80 वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़ ने पंडित रामप्रसाद बिस्मिल शहीद संग्रहालय पहुंचकर ध्वजारोहण किया तथा स्वतंत्रता संग्राम के महान क्रांतिकारी पंडित रामप्रसाद बिस्मिल को श्रद्धापूर्वक नमन किया।
इस अवसर पर कलेक्टर श्री जांगिड़ ने पंडित रामप्रसाद बिस्मिल की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके अद्वितीय साहस, राष्ट्रभक्ति एवं बलिदान को स्मरण किया। उन्होंने मुरैना जिले के उन वीर जवानों के छायाचित्रों पर भी पुष्प अर्पित किए, जिन्होंने देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया।
कलेक्टर ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें देश के वीर सपूतों के त्याग, समर्पण और बलिदान को स्मरण करने का अवसर प्रदान करता है। शहीदों के आदर्श एवं राष्ट्रसेवा की भावना आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बनी रहेगी।
समारोह के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित कर राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता की रक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
क्र. 100