
चंदा जुटाकर ग्रामीणों ने संभाली सड़क की कमान, श्रमदान से शुरू की मरम्मत
बदहाल सड़क से परेशान ग्रामीणों का अनोखा प्रयास, बोले—सड़क नहीं बनी तो करेंगे वोट बहिष्कार
#पांकी। पांकी प्रखंड के माड़न पंचायत अंतर्गत पचपेड़ी गांव में बदहाल सड़क को लेकर ग्रामीणों ने अब खुद कमान संभाल ली है। लंबे समय से सड़क मरम्मत की मांग पर कोई ठोस पहल नहीं होने के बाद ग्रामीणों ने आपस में चंदा जुटाया और ट्रैक्टर से मोरम गिरवाकर श्रमदान से सड़क की मरम्मत शुरू कर दी।
ग्रामीण शंकर उरांव, कामेश्वर उरांव, रामसहाय उरांव, रामदयाल उरांव, सूरज उरांव, ज्योति देवी, कविता देवी, रोहित उरांव, संदीप उरांव, लक्ष्मण उरांव सहित दर्जनों ग्रामीणों ने मिलकर मरम्मत कार्य में हिस्सा लिया। ग्रामीणों ने खुद कुदाल चलाकर सड़क को आवागमन के लायक बनाने का प्रयास शुरू किया।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क मरम्मत को लेकर कई बार छोटे-बड़े जनप्रतिनिधियों से गुहार लगाई गई, लेकिन उनकी समस्या पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया गया। इसके बाद ग्रामीणों ने बैठक कर आपसी सहयोग से चंदा जुटाने और श्रमदान के जरिए सड़क की मरम्मत करने का निर्णय लिया। ग्रामीणों ने बताया कि हर घर से लोग श्रमदान करने के लिए आगे आ रहे हैं।
ग्रामीणों ने कहा कि यह व्यवस्था स्थायी समाधान नहीं है। यदि जल्द सड़क का निर्माण नहीं कराया गया और उनकी समस्या पर जनप्रतिनिधियों ने ध्यान नहीं दिया, तो स्थानीय ग्रामीण सामूहिक रूप से वोट बहिष्कार करने का निर्णय ले सकते हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि पचपेड़ी की सड़क का जल्द स्थायी निर्माण कराया जाए, ताकि बरसात समेत अन्य दिनों में ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी न हो।
Panki, Palamu | Sep 21, 2026