मां-बेटे में हुआ विवाद, बेटे ने लाठी-डंडे और लात-घूंसों से पीटा, अस्पताल में मौत !
बोकारो के सेक्टर-12 थाना क्षेत्र में शनिवार की देर रात मामूली विवाद के बाद बेटे ने अपनी 65 वर्षीय मां प्रमिला देवी की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना सेक्टर-12/E स्थित क्वार्टर नंबर 2204 में हुई। मृतका के बेटे की पहचान 48 वर्षीय राजू कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, रात में प्रमिला देवी और राजू कुमार के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था।
देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और राजू ने कथित तौर पर मां के साथ लाठी-डंडे और लात-घूंसों से मारपीट शुरू कर दी। हमले में प्रमिला देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। इस दौरान घर से आ रही आवाज की वजह से पड़ोस के लोग जागे।
उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सेक्टर-12 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को इलाज के लिए बोकारो सदर अस्पताल भेजा। अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
Namkum, Ranchi | Aug 16, 2026