
नवीनगर रेलवे स्टेशन पर 31.892 किलो गांजा बरामद, चार बैग में छिपाकर रखे थे 21 पैकेट।
#aaptaknewspoint1 #BiharNews #bihar #nonfollowers #aurangabad #samratchoudhary #reelsviralシ
बारुण/नवीनगर। नवीनगर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर दो पर आरपीएफ और रेल पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 31.892 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है। गांजा स्टेशन के नेम बोर्ड के समीप लावारिस हालत में रखे दो ट्रॉली बैग, एक झोला और एक अन्य बैग से बरामद हुआ। बरामद गांजा को कुल 21 पैकेटों में सेलो टेप से लपेटकर रखा गया था। मामले में किसी आरोपी की पहचान नहीं हो सकी है।
जानकारी के अनुसार, नवीनगर आरपीएफ पोस्ट के प्रभारी निरीक्षक राम विलास राम को गांजा की खेप के संबंध में गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर आरपीएफ टीम ने नवीनगर रेलवे स्टेशन पर छापेमारी अभियान चलाया। इसी दौरान प्लेटफार्म नंबर दो पर स्टेशन नेम बोर्ड के पास कुछ सामान लावारिस अवस्था में दिखाई दिया। संदेह होने पर टीम ने सामान की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान चार अलग-अलग सामान बरामद हुए। जांच करने पर इनमें सेलो टेप से लिपटे 21 पैकेट मिले। पैकेटों की जांच में गांजा होने की पुष्टि हुई। सभी पैकेटों को जब्त कर वजन कराया गया, जिसमें कुल 31.892 किलोग्राम गांजा पाया गया।
रेल थाना सोननगर के थानाध्यक्ष श्याम रजक ने बताया कि मामले में रेल थाना सोननगर कांड संख्या 48/26 दर्ज करते हुए अज्ञात के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा की खेप स्टेशन तक कौन लेकर आया था और इसे कहां पहुंचाया जाना था।
जांच के तहत रेलवे स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस अन्य तकनीकी और अनुसंधान के माध्यम से भी संदिग्ध व्यक्ति की पहचान करने का प्रयास कर रही है। साथ ही गांजा के स्रोत और संभावित गंतव्य का पता लगाने की कार्रवाई जारी है।
आरपीएफ और रेल पुलिस की इस कार्रवाई के बाद नवीनगर रेलवे स्टेशन परिसर में मादक पदार्थों की तस्करी पर निगरानी और सख्त किए जाने की बात सामने आई है।