
“विदाई रिश्तों का अंत नहीं, स्मृतियों की नई शुरुआत” — बीडीओ डॉ. राजीव रंजन
बेतिया/मझौलिया। मझौलिया प्रखंड में लंबे समय तक अपनी सेवाएं देने के बाद गृह जिला स्थानांतरित हुए पंचायत सचिव सुमन कुमार, संतोष यादव, मुकेश कुमार एवं मनोज कुमार को भावभीनी विदाई दी गई। प्रखंड कार्यालय परिसर में आयोजित विदाई समारोह में प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ. राजीव रंजन कुमार की गरिमामयी मौजूदगी में सभी पंचायत सचिवों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।समारोह को संबोधित करते हुए बीडीओ डॉ. राजीव रंजन कुमार ने कहा कि “विदाई रिश्तों का अंत नहीं, बल्कि स्मृतियों की एक नई शुरुआत होती है।” उन्होंने कहा कि सरकारी सेवा में स्थानांतरण एक सामान्य प्रक्रिया है, लेकिन कार्यस्थल पर बिताए पल, सहयोगियों का साथ और जनता के बीच बनाई गई पहचान हमेशा याद रहती है। उन्होंने सभी पंचायत सचिवों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि मझौलिया में उनके योगदान को लंबे समय तक याद किया जाएगा।
पंचायत सचिव सुमन कुमार ने कहा कि मझौलिया प्रखंड में कार्य करने का अनुभव उनके लिए हमेशा खास रहेगा। यहां के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कर्मियों से मिले सहयोग को वह कभी नहीं भूलेंगे।संतोष यादव ने कहा कि स्थानांतरण नौकरी का हिस्सा है, लेकिन मझौलिया से जुड़ी यादें हमेशा साथ रहेंगी। उन्होंने सभी सहकर्मियों के प्रति आभार जताया।वहीं मुकेश कुमार ने कहा कि यहां कार्य करते हुए टीम भावना और आपसी सहयोग से कई चुनौतियों का सामना किया गया। मनोज कुमार ने भी भावुक होते हुए कहा कि मझौलिया छोड़ना उनके लिए भावनात्मक पल है। यहां के लोगों और सहकर्मियों का स्नेह हमेशा याद रहेगा।
समारोह के अंत में सभी स्थानांतरित पंचायत सचिवों को सम्मानित कर आत्मीय विदाई दी गई। माहौल में एक ओर बिछड़ने की कसक थी तो दूसरी ओर नई जिम्मेदारियों को लेकर उत्साह भी नजर आया। मौके पर प्रखंड समन्वयक राम विनय प्रसाद,
मुखिया संतोष कुमार, मुखिया प्रतिनिधि किशुनदेव पडित, पंचायत सचिव दीपक कुमार , कनिय अभियंता सनोज कुमार सहित अन्य शामिल थे।