
रामपुर एचपीएस ने चलाया सामूहिक स्वच्छता अभियान
Bushahr Today TV
रामपुर बुशहर। विद्युत मंत्रालय एवं एसजेवीएन निगमित कार्यालय के निर्देशानुसार रामपुर हाइड्रो पावर स्टेशन (एचपीएस) की ओर से 17 सितंबर से 2 अक्तूबर तक स्वच्छता ही सेवा (एसएचएस) अभियान-2026 चलाया जा रहा है। अभियान के तहत चिन्हित सीटीयू स्थल पर “एक दिन, एक घंटा, एक साथ” श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया।
प्रातः आठ बजे आयोजित स्वच्छता अभियान का नेतृत्व रामपुर एचपीएस के परियोजना प्रमुख ई. विकास मारवाह ने किया। इसमें रामपुर एचपीएस के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ दत्तनगर कॉलोनी वेलफेयर सोसाइटी के सदस्यों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने सामूहिक श्रमदान कर सार्वजनिक स्थल की सफाई की और स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
परियोजना प्रमुख विकास मारवाह ने कहा कि “एक दिन, एक घंटा, एक साथ” श्रमदान केवल स्वच्छता अभियान नहीं, बल्कि सामूहिक जिम्मेदारी और जनभागीदारी की भावना को मजबूत करने की पहल है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण का निर्माण तभी संभव है, जब प्रत्येक व्यक्ति अपने स्तर पर स्वच्छता के प्रति सजग और जिम्मेदार बने।
उन्होंने अधिकारियों, कर्मचारियों और स्थानीय समुदाय से स्वच्छता को अभियान की अवधि तक सीमित न रखकर इसे दैनिक जीवन की आदत बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे प्रयास जब सामूहिक रूप से किए जाते हैं तो उनका प्रभाव व्यापक होता है। उन्होंने श्रमदान में भाग लेने के लिए दत्तनगर कॉलोनी वेलफेयर सोसाइटी सहित सभी प्रतिभागियों का आभार जताया।