
बारुण : गेमन चेक पोस्ट के पास कोयला लदा 18 चक्का टेलर दुर्घटनाग्रस्त, जांच में अवैध परिवहन का खुलासा।
बारुण। बारुण थाना क्षेत्र के जीटी रोड स्थित गेमन चेक पोस्ट के समीप कोयला लदा एक 18 चक्का टेलर अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। दुर्घटना के बाद वाहन की जांच की गई, जिसमें कोयले के परिवहन से संबंधित वैध कागजात नहीं मिलने पर खनन विभाग ने वाहन को जब्त कर लिया।
जानकारी के अनुसार, बारुण थानाध्यक्ष रंजीत कुमार को सूचना मिली कि गेमन चेक पोस्ट के पास कोयला लदा टेलर दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। टेलर का रजिस्ट्रेशन नंबर BR 02 GD 8086 बताया गया है। सूचना के बाद थानाध्यक्ष ने मामले की जानकारी खान निरीक्षक कुमार प्रत्यूष को दी।
सूचना मिलने पर खान निरीक्षक मौके पर पहुंचे और दुर्घटनाग्रस्त टेलर की भौतिक जांच की। जांच के दौरान वाहन में भारी मात्रा में कोयला लदा पाया गया। वहीं, चालक से कोयले के परिवहन से संबंधित वैध चालान एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज मांगे गए, लेकिन चालक कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका।
इसके बाद खनन विभाग की ओर से कार्रवाई करते हुए कोयला लदे टेलर को जब्त कर लिया गया। वाहन के चालक को पुलिस अभिरक्षा में सौंप दिया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार चालक की पहचान पलामू जिले के नावा बाजार थाना क्षेत्र के इतको गांव निवासी परवेज आलम के रूप में हुई है।
बारुण थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। गिरफ्तार चालक को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
खनन विभाग और पुलिस की इस कार्रवाई के बाद जीटी रोड पर कोयले के परिवहन से जुड़े वाहनों की जांच को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है।