उचाना में रिश्वत लेते बिजली निगम का लाइनमैन गिरफ्तार
ट्रांसफार्मर बदलने के बदले मांगी थी ₹5 हजार की रिश्वत, ACB ने खेत में दबोचा
जींद/उचाना। एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने उचाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए बिजली निगम के एक लाइनमैन को ₹5 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान बलजीत के रूप में हुई है।
आरोप है कि खेत में जले हुए ट्रांसफार्मर को बदलने की एवज में लाइनमैन ने ₹5 हजार रिश्वत की मांग की थी। शिकायत मिलने के बाद ACB ने ट्रैप की योजना बनाई। टीम ने शिकायतकर्ता को 500-500 रुपये के 10 नोट देकर आरोपी को देने के लिए भेजा।
रिश्वत की रकम लेते ही ACB टीम ने आरोपी को खेत में पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान आरोपी के हाथ धुलवाए गए तो पानी का रंग लाल हो गया, जिसके बाद रिश्वत लेने की पुष्टि हुई।
ACB ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।