
सोलन में आज शाम कांग्रेस का मार्च और सत्याग्रह, धनीराम शांडिल व अनिता वर्मा रहेंगी मौजूद
सोलन। जिला कांग्रेस कमेटी सोलन की ओर से आज शुक्रवार, 14 अगस्त को सोलन में जिला स्तरीय मार्च एवं सत्याग्रह का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार हल्द्वानी में हुई घटना के विरोध तथा कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के समर्थन में आयोजित किया जा रहा है।
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुभाष वर्मा ने बताया कि कार्यक्रम के लिए पार्टी के सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से आज शाम 5 बजे सोलन रेस्ट हाउस में एकत्रित होने का आह्वान किया गया है। इसके बाद मार्च एवं सत्याग्रह आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम सामाजिक समानता, बंधुत्व, सामाजिक न्याय और मानवीय गरिमा जैसे संवैधानिक मूल्यों के समर्थन में तथा भेदभावपूर्ण मानसिकता के विरोध में किया जा रहा है। कांग्रेस कार्यकर्ता इस दौरान एकजुट होकर लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करेंगे।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने का आग्रह किया है। कार्यक्रम में प्रदेश के मंत्री धनीराम शांडिल और कांग्रेस प्रभारी अनिता वर्मा भी मौजूद रहेंगी।
Solan, Solan | Aug 14, 2026