
किसानों ने पींजरी पैंठ पर देखा वर्मी कंपोस्ट खाद का उत्पादन: भाकियू नेता सत्तो चौधरी बोले– "वर्मी कंपोस्ट केंचुआ खाद फसलों के लिए अमृत समान"
गोंडा (अलीगढ़):
क्षेत्र के किसानों ने अलीगढ़-गोंडा रोड स्थित पींजरी पैंठ पहुंचकर 'ऑर्गेनिक गोल्ड इंडिया प्राइवेट लिमिटेड' द्वारा तैयार किए जा रहे वर्मी कंपोस्ट (केंचुआ खाद) के उत्पादन इकाई का निरीक्षण किया। इस दौरान किसानों ने खाद की गुणवत्ता को करीब से परखा और इसके निर्माण की पूरी प्रक्रिया की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान भारतीय किसान यूनियन (चौधरी चरण सिंह) के राष्ट्रीय प्रवक्ता व किसान नेता चौधरी सत्यवीर सिंह सत्तो ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि यह खाद गोकुल क्षेत्र के पूर्व विधायक प्रेम सिंह दरोगा जी के मार्गदर्शन में तैयार कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि वर्मी कंपोस्ट का खेतों में इस्तेमाल फसलों के लिए किसी अमृत से कम नहीं है।
मिट्टी की उर्वरा शक्ति और पोषक तत्वों का खजाना
चौधरी सत्तो ने रासायनिक खादों के दुष्प्रभावों से बचने की सलाह देते हुए कहा कि वर्मी कंपोस्ट एक पूरी तरह प्राकृतिक और जैविक खाद है। इसमें नाइट्रोजन, फास्फोरस और पोटाश (NPK) के साथ-साथ जिंक, आयरन, कॉपर और मैग्नीशियम जैसे सूक्ष्म पोषक तत्व प्रचुर मात्रा में पाए जाते हैं। इसके अलावा, इसमें मौजूद प्राकृतिक प्लांट हार्मोन्स (जैसे ऑक्सिन और जिबरेलिन) पौधों के विकास को गति देते हैं, जिससे जड़ें मजबूत होती हैं और पैदावार में 20% से 30% तक की वृद्धि होती है।
इस अवसर पर चौधरी सुग्रीव सिंह, चौधरी कुलदीप सिंह सिकरवार, धर्मफल सिंह, ओमवीर सिंह, अरविंद कुमार, उमाशंकर शर्मा, हरिओम सिंह, शिवकुमार, सत्यपाल रसिया, प्रदीप, गुमान सिंह, उदयवीर सिंह, प्रेमपाल सिंह, सचिन, सत्यप्रकाश शर्मा, पवन चौधरी, जगवीर सिंह, पं. ललित शर्मा, रामप्रकाश सिंह, राजवीर सिंह, नरेंद्र सिकरवार और चंद्रपाल सिंह सहित बड़ी संख्या में क्षेत्र के किसान मौजूद रहे।
Koil, Aligarh | Sep 23, 2026