
#बलरामपुर; गैसड़ी में पीस कमेटी की बैठक, त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने की अपील...
रिपोर्ट- इमरान अली शाह
#बलरामपुर। आगामी त्योहारों को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से रविवार को थाना कोतवाली गैसड़ी परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। पुलिस अधीक्षक बलरामपुर श्री विकास कुमार के निर्देशन में आयोजित बैठक में जनप्रतिनिधियों, धर्मगुरुओं, ग्राम प्रधानों, संभ्रांत नागरिकों एवं विभिन्न समुदायों के गणमान्य लोगों ने भाग लिया।
थानाध्यक्ष राज कुमार पाण्डेय ने उपस्थित लोगों से आगामी श्रावण मास शिवरात्रि, बारावफात, नाग पंचमी, रक्षाबंधन एवं श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सभी की सहभागिता जरूरी है।
बैठक में लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने, सोशल मीडिया पर भ्रामक अथवा आपत्तिजनक संदेश प्रसारित न करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने को कहा गया। डीजे संचालकों को निर्धारित मानकों के अनुरूप ही ध्वनि का प्रयोग करने और धार्मिक आयोजनों के दौरान निर्धारित मार्गों एवं नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि त्योहारों को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क है। संवेदनशील स्थानों, प्रमुख बाजारों, धार्मिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस बल की तैनाती के साथ लगातार गश्त एवं निगरानी की जाएगी। कानून-व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में मौजूद पीस कमेटी के सदस्यों एवं संभ्रांत नागरिकों ने पुलिस-प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया। पुलिस ने आमजन से सभी त्योहारों को प्रेम, भाईचारे एवं आपसी सौहार्द के साथ मनाने की अपील की।
#balrampur #balrampurpolic