
राजपुर में 17 अक्टूबर से होगा सातवां शहीद समीर वॉलीबॉल टूर्नामेंट, विजेता टीम को मिलेंगे 25 हजार रुपये
======
पांवटा साहिब : सिरमौर जिले के आंज भोज क्षेत्र के राजपुर में स्पोर्ट्स क्लब राजपुर के तत्वावधान में सातवें शहीद समीर वॉलीबॉल टूर्नामेंट का आयोजन 17 और 18 अक्टूबर 2026 को राजपुर ग्राउंड में किया जाएगा। प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य "खेल खेलो, नशा भगाओ, जिंदगी बचाओ" के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना तथा युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना है।
स्पोर्ट्स क्लब राजपुर के पदाधिकारियों ने बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने वाली टीमों के लिए प्रवेश शुल्क 1500 रुपये निर्धारित किया गया है। टूर्नामेंट में विजेता टीम को 25,000 रुपये नकद और ट्रॉफी, उपविजेता टीम को 12,500 रुपये तथा सेमीफाइनल में पहुंचने वाली टीम को 1,500 रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट, बेस्ट सेटर और बेस्ट लिबरो के पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा। प्रतियोगिता ग्रामीण स्तर पर होगी, एक गाँव के सदस्य ही एक टीम में खेल सकेंगे।
प्रतियोगिता के लिए पंजीकरण की अंतिम तिथि 16 अक्टूबर निर्धारित की गई है। इच्छुक टीमें निर्धारित तिथि तक अपना पंजीकरण करवा सकती हैं।
स्पोर्ट्स क्लब राजपुर के अध्यक्ष नेतर चौहान, उपाध्यक्ष केदार सिंह फौजी, महासचिव गुमान तोमर तथा सहायक सचिव एवं मंच सचिव संजय तोमर ने बताया कि इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखकर खेलों और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने क्षेत्र के युवाओं और खेल प्रेमियों से प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर भाग लेने और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की।
इस आयोजन में श्याम सिंह, बबलू, राजू तोमर, टिंकू, रमेश तोमर और बंटी सहित क्लब के अन्य सदस्य भी सहयोग कर रहे हैं। आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता के माध्यम से क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा और युवाओं में खेल भावना को बढ़ावा मिलेगा।
Ronhat, Sirmaur | Sep 30, 2026