
*जिला कलक्टर ने विद्यार्थियों के साथ संवाद कर परखी मिड डे मील की गुणवत्ता*
*भोजन चखकर देखा, फल वितरण और विद्यालय की व्यवस्थाओं की ली जानकारी*
भरतपुर, 30 सितम्बर। राज्य सरकार के निर्देश पर प्रदेशभर में दो दिवसीय मिड डे मील योजना के सघन निरीक्षण कार्यक्रम के तहत जिला कलक्टर कमर चौधरी ने बुधवार को राजकीय विशिष्ट उच्च माध्यमिक मांटेसरी विद्यालय, किला भरतपुर का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यार्थियों को परोसे जा रहे भोजन को चखकर उसकी गुणवत्ता परखी और बच्चों से सीधे बातचीत कर योजना के क्रियान्वयन की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने प्रत्येक दिवस निर्धारित मीनू के अनुसार उपलब्ध कराये जा रहे मिड डे मील के बारे मे जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों से मिड डे मील की गुणवत्ता, स्वादिष्ट एवं साफ-सफाई के बारे में फिडबैक लेकर नियमित रूप से शुद्धता के साथ एक साथ बैठकर मिड डे मील प्राप्त करने की सीख दी। उन्होंने विद्यालय स्टाफ को निर्देश दिए कि वर्तनों, रसोई एवं मिड डे मिल सामग्री की शुद्धता का विशेष ध्यान रखे।
जिला कलक्टर ने निरीक्षण के समय तैयार दाल, चावल और सब्जी का अवलोकन किया। उन्होंने भोजन चखने के बाद विद्यार्थियों से पूछा कि उन्हें विद्यालय में मिलने वाला भोजन कैसा लगता है और निर्धारित मीनू में कौन-सा व्यंजन सबसे अधिक पसंद है। बच्चों ने बताया कि उन्हें खिचड़ी सबसे अधिक पसंद है। उन्होंने मिड डे मील योजना के तहत फल वितरण के बारे में विद्यालय स्टाफ से जानकारी लेकर विद्यार्थियों को पौष्टिक एवं शुद्ध ताजा फल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने विद्यालय के कक्षा कक्षों और भवन का भी अवलोकन किया तथा भवन की साफ-सफाई एवं नियमित देखभाल के निर्देश दिए। उन्होंने विभिन्न कक्षाओं में शैक्षणिक गुणवत्ता को परखा तथा नियमित रूप से विद्यालय में करायें जा रहे अध्ययन का घर जाकर दोहराने की सीख दी। उन्होंने विद्यालय में उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी लेकर राज्य सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही खेल सामग्री एवं अन्य सुविधाओं का लाभ विद्यार्थियों को प्रदान करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के समय मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी अतुल चतुर्वेदी, कार्यवाहक प्रधानाचार्य सतवीरी सिंह, पोषाहार प्रभारी विनोद कुमार सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
---00---