
थानेसर अनाज मंडी में पोर्टल वेरिफिकेशन बना परेशानी, पूर्व सरपंच आमरण अनशन पर
थानेसर। अनाज मंडी में धान की खरीद शुरू होते ही पोर्टल वेरिफिकेशन की समस्या किसानों के लिए परेशानी का कारण बन गई है। बुधवार को पूर्व सांसद गुरदयाल सैनी के बेटे एवं कैंथला खुर्द के पूर्व सरपंच राजेंद्र सिंह पोर्टल पर फसल का वेरिफिकेशन नहीं होने के विरोध में मार्केट कमेटी थानेसर कार्यालय के सामने आमरण अनशन पर बैठ गए।
पूर्व सरपंच राजेंद्र सिंह ने बताया कि उनकी करीब 10 एकड़ धान की फसल पिछले लगभग 10 दिनों से मंडी में पहुंची हुई है। वह 25-26 सितंबर से गेट पास कटवाने के लिए मंडी के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन पोर्टल पर फसल का वेरिफिकेशन नहीं दिखने के कारण गेट पास नहीं कट पा रहा है।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में कई बार अधिकारियों से बातचीत की गई और पिछले तीन दिनों से लगातार मार्केट कमेटी कार्यालय के चक्कर लगाए जा रहे हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। अधिकारियों को समस्या के समाधान के लिए अल्टीमेटम भी दिया गया था। इसके बावजूद समाधान नहीं होने पर उन्होंने बुधवार को मार्केट कमेटी कार्यालय के सामने आमरण अनशन शुरू कर दिया।
राजेंद्र सिंह ने मांग की कि पोर्टल वेरिफिकेशन की समस्या का तत्काल समाधान कर गेट पास जारी करवाया जाए, ताकि मंडी में पड़ी धान की फसल की खरीद समय पर हो सके।
#HVN24