
रानीसिंह (बाजना) में शुक्रवार को लगेगा मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान शिविर : कलेक्टर श्री कटेसरिया
जन विश्वास के पश्चात बाजना जनपद पंचायत सभागार में होगी विशेष जिला स्तरीय बैठक
कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया के निर्देशानुसार शुक्रवार, 14 अगस्त को ग्राम रानीसिंह, बाजना में मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान का आयोजन किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत जनसंवाद, जनसुनवाई एवं उद्यम संवाद के माध्यम से आम नागरिकों की समस्याएं सुनकर उनका त्वरित एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा।
जन-विश्वास अभियान के पश्चात जनपद पंचायत बाजना के सभागार में विशेष जिला स्तरीय बैठक आयोजित होगी। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहकर प्राप्त शिकायतों एवं समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्यवाही करेंगे तथा विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा भी की जाएगी।
विशेष बैठक में स्वास्थ्य सेवाएं, महिलाओं के स्वास्थ्य परीक्षण, समग्र आईडी निर्माण एवं सुधार, आधार पंजीयन तथा आधार में नाम सहित अन्य संशोधन, आयुष्मान कार्ड निर्माण एवं राजस्व प्रकरणों के निराकरण जैसे विषयों पर विशेष फोकस रहेगा। सभी संबंधित विभागों को आवश्यक तैयारियां पूर्ण करने तथा पात्र हितग्राहियों को अधिक से अधिक लाभान्वित करने के निर्देश दिए गए हैं।
कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने अधिकारियों से कहा है कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान का उद्देश्य शासन की सेवाओं को आमजन तक उनके गांव में ही पहुंचाना तथा समस्याओं का समयबद्ध और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त प्रत्येक आवेदन पर गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ कार्यवाही करते हुए पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाए।
#JanSampark #ratlam