
सोरों में जियो फाइबर की धीमी इंटरनेट स्पीड से उपभोक्ता परेशान
शाम छह बजे के बाद 2G से भी धीमी हो जाती है स्पीड, शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान नहीं; 650 रुपए से 1000 तक मासिक भुगतान के बाद भी ग्राहक बेहाल
सोरोंजी। तीर्थनगरी सोरों में जियो फाइबर की इंटरनेट सेवा की धीमी स्पीड को लेकर उपभोक्ताओं में नाराजगी बढ़ती जा रही है। स्थानीय उपभोक्ताओं का आरोप है कि दिन में इंटरनेट की स्पीड ठीक रहती है, लेकिन शाम करीब छह बजे के बाद स्पीड इतनी कम हो जाती है कि सामान्य इंटरनेट इस्तेमाल करना भी मुश्किल हो जाता है। कई बार कस्टमर केयर पर शिकायत करने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं होने की बात उपभोक्ताओं ने कही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, तीर्थनगरी सोरों में बड़ी संख्या में जियो फाइबर के कनेक्शन हैं। उपभोक्ताओं का कहना है कि कंपनी की ओर से तेज इंटरनेट स्पीड उपलब्ध कराने के दावे किए जाते हैं, लेकिन शाम के समय वास्तविक स्थिति इसके विपरीत नजर आती है। इंटरनेट की धीमी स्पीड के कारण ऑनलाइन काम, वीडियो देखने और अन्य डिजिटल सेवाओं के साथ जियो फाइबर के जरिए डीटीएच का आनंद लेने में भी परेशानी होती है।
उपभोक्ताओं का कहना है कि वे इंटरनेट सेवा के लिए हर महीने करीब 650 से 1000 रुपये तक का भुगतान कर रहे हैं। इसके बावजूद यदि निर्धारित समय पर इंटरनेट की स्पीड बेहद कम हो जाए तो सेवा का पूरा लाभ नहीं मिल पाता। उनका कहना है कि कई बार शिकायत दर्ज कराने के बाद भी समस्या जस की तस बनी हुई है।
उपभोक्ताओं ने अलग-अलग रखी अपनी बात
सचिन उपाध्याय ने कहा कि शाम छह बजे के बाद जियो फाइबर की स्पीड बेहद धीमी हो जाती है। कई बार कस्टमर केयर पर शिकायत की गई, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। जब उपभोक्ता नियमित शुल्क दे रहे हैं तो कंपनी को इंटरनेट सेवा की गुणवत्ता पर भी ध्यान देना चाहिए।
भूपेश शर्मा ने कहा कि धीमी इंटरनेट स्पीड के कारण रोजमर्रा के ऑनलाइन काम प्रभावित हो रहे हैं। खासकर शाम के समय इंटरनेट चलाना काफी मुश्किल हो जाता है। शिकायत के बावजूद समस्या दूर नहीं होने से उपभोक्ताओं में निराशा है। कंपनी को स्थानीय स्तर पर नेटवर्क और तकनीकी समस्या की जांच कराकर जल्द समाधान करना चाहिए।
आदित्य कंकोरिया ने कहा कि जियो फाइबर के हजारों उपभोक्ता होने के बावजूद इंटरनेट की स्पीड को लेकर समस्या बनी हुई है। यदि आने वाले समय में सेवा में सुधार नहीं हुआ तो उपभोक्ता अपने कनेक्शन दूसरी कंपनियों की ओर स्थानांतरित करने पर विचार कर सकते हैं।
स्थानीय उपभोक्ताओं ने जियो कंपनी से सोरों क्षेत्र में जियो फाइबर की इंटरनेट स्पीड की तकनीकी जांच कराकर समस्या का जल्द समाधान कराने की मांग की है।
#JioFiber #mukeshambani #JioRecharge #kasganj #netspeed