
जनता के काम के लिए महापौर से उम्मीद न रखें, सीधे अफसरों का घेराव करें: अमित धारीवाल
कोटा। कोटा नगर निगम में जनता के काम कैसे होंगे? कांग्रेस नेता अमित धारीवाल ने अपने पार्षदों को इसका एक नया ही फॉर्मूला दे दिया है। धारीवाल ने कहा- महापौर को क्या लक्खण है। उनसे उम्मीद लगाने के बजाय सीधे प्रशासनिक अधिकारियों और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) पर दबाव बनाएं और जनता की सुनवाई न होने पर उनका घेराव करें।
शहर जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित नवनिर्वाचित पार्षदों की बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री शांति धारीवाल के पुत्र एवं कांग्रेस नेता अमित धारीवाल ने कहा कि नई महापौर से कोई विशेष अपेक्षा रखने या उनके समक्ष शिकायत दर्ज कराने से परिणाम नहीं मिलने वाले। उन्होंने कहा कि अनुभव के मामले में दो या दो से अधिक बार निर्वाचित हो चुके पार्षद कहीं अधिक दक्ष और प्रशासनिक प्रक्रियाओं से वाकिफ हैं।
धारीवाल ने पार्षदों का आह्वान किया कि जनता ने उन्हें विपक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है, जिसे पूरी निष्ठा और मुस्तैदी से निभाना होगा। उन्होंने पार्षदों को अपने-अपने वार्डों की प्राथमिक समस्याओं को सूचीबद्ध कर शुरुआती 100 दिनों की कार्ययोजना (प्रायोरिटी प्लान) तैयार करने के निर्देश दिए।
उन्होंने जोर देकर कहा कि वार्डों में नियमित सफाई व्यवस्था, सफाईकर्मियों की अनिवार्य उपस्थिति और बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त कराने का कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराया जाए। नगर निगम प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि अधिकारी यदि जनता से जुड़े कार्यों में शिथिलता बरतें या फाइलें अटकाएं, तो पार्षद मूकदर्शक न रहें बल्कि सीधे उनके कार्यालयों का घेराव करें। सभी पार्षदों को एकजुटता बनाए रखने का निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि संगठित होकर उठाई गई आवाज के आगे प्रशासन को झुकना ही होगा और समस्याओं का त्वरित निस्तारण करना पड़ेगा।
Ladpura, Kota | Oct 2, 2026