
राज्य स्तरीय बास्केटबॉल 17/19 वर्ष छात्र वर्ग की क्रीडा प्रतियोगिता का शुभारंभ 1 अक्टूबर को,
सभी आवश्यक तैयारियां पूरी, सभी के सहयोग से सफल आयोजन का संकल्प
सवाई माधोपुर, 30 सितम्बर। 70वीं राज्य स्तरीय बास्केटबॉल 17 एवं 19 वर्ष छात्र वर्ग की क्रीडा प्रतियोगिता का शुभारम्भ गुरूवार, 1 अक्टूबर को प्रातः 10 बजे कृषि, उद्यानिकी एवं ग्रामीण विकास आपदा प्रबन्धन मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा के मुख्य आतिथ्य में पुलिस लाइन मैदान में होगा। प्रतियोगिता का आयोजन 1 से 7 अक्टूबर तक राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मानटाउन सवाई माधोपुर के संयोजन में होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कलक्टर काना राम करेंगे। जिला पुलिस अधीक्षक ज्येष्ठा मैत्रेयी नगर परिषद सभापति मेवा चौधरी, उप सभापति माया गोयल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे
बुधवार को प्रतियोगिता आयोजन की सभी आवश्यक तैयारियों को पूरा किया गया। मंगलवार शाम से ही प्रदेशभर के विभिन्न जिलों से खिलाडियों के दल सवाई माधोपुर पहुंचने लगे। यह क्रम बुधवार को दिन भर चला।
प्रतियोगिता संयोजक एवं प्रधानाचार्य राउमावि मानटाउन चन्द्र शेखर जोशी ने बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए आने वाली टीमों को आयोजन स्थल एवं निर्धारित आवास स्थल पर पहुंचाने के लिए रेलवे स्टेशन पर पूछताछ केंद्र बनाया गया है। आयोजन स्थल पर टीमों ने पंजीयन के लिए संभागवार बनाए गए काउंटर पर रजिस्ट्रेशन करवाया। टीमों के लिए बनाए गए आवास स्थल पर सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को पूरा किया गया।
जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक दिनेश कुमार गुप्ता, अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी अजय कुमार शर्मा एवं निदेशालय द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षक एवं राउमावि आलनपुर प्रधानाचार्य राजेश कुमार शर्मा ने सभी प्रकोष्ठ प्रभारियों से व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली एवं प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रदेशभर से आने वाले प्रतिभागियों के लिए बेहतर व्यवस्थाएं करने के निर्देश प्रदान किए। अधिकारियों ने सभी आवास स्थलों का जायजा लिया एवं प्रभारियों को आवश्यक निर्देश प्रदान किए। प्रतियोगिता से संबंधित समस्याओं के समाधान एवं पूछताछ के लिए चौबीस घंटे कार्य करने वाले कंट्रोल रूम का गठन किया गया है जो प्रतियोगिता समापन तक कार्य करेगा। प्रतियोगिता के मैच पुलिस लाइन ग्राउंड मैदान, दशहरा मैदान, फतेह पब्लिक स्कूल मैदान एवं सेंट एन्सलम्स स्कूल मैदान में होंगे। जहां शारीरिक शिक्षकों की टीम द्वारा कुल पांच ग्राउंड तैयार किए गए एवं सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई है। भामाशाहों, निजी विद्यालयों एवं संस्थाओं के सहयोग से प्रतियोगिता के सफल आयोजन का संकल्प व्यक्त करते हुए कार्याे को अंतिम रूप दिया गया है।