
2 अक्टूबर को होगी ‘रानीगंज स्वच्छता मैराथन-2026’, 500 से अधिक लोगों के जुटने की उम्मीद
रूबी आनंद व्यूरो रिपोर्ट, संवदिया न्यूज (रानीगंज, अररिया) – बिहार।
रानीगंज (अररिया): राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती एवं ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान के तहत आगामी 2 अक्टूबर 2026 को रानीगंज में ‘स्वच्छता मैराथन-2026’ का आयोजन किया जाएगा। नगर पंचायत रानीगंज के तत्वावधान में आयोजित होने वाली यह मैराथन सुबह 6 बजे लालजी उच्च विद्यालय के प्रांगण से शुरू होगी।
आयोजन में छात्र-छात्राओं के साथ आम नागरिकों की भी भागीदारी रहेगी। आयोजकों के अनुसार, मैराथन में 500 से अधिक प्रतिभागियों के शामिल होने की संभावना है। इसका उद्देश्य लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देना है।
नगर पंचायत रानीगंज के कार्यपालक पदाधिकारी सचिन कुमार ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है। स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण में समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता जरूरी है।
मैराथन में शामिल होने वाले सभी पंजीकृत प्रतिभागियों को निःशुल्क टी-शर्ट उपलब्ध कराई जाएगी। वहीं बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को ट्रॉफी, प्रमाण-पत्र और पदक देकर सम्मानित किया जाएगा।
नगर पंचायत प्रशासन ने इच्छुक प्रतिभागियों से समय पर पंजीकरण कराने की अपील की है। प्रतिभागी QR कोड के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। इसके अलावा नगर पंचायत रानीगंज कार्यालय में पहुंचकर ऑफलाइन पंजीकरण भी कराया जा सकता है।
2 अक्टूबर की सुबह रानीगंज में स्वच्छता, स्वास्थ्य और जनभागीदारी का संदेश लेकर यह मैराथन आयोजित होगी।
#रानीगंज #अररिया #स्वच्छतामैराथन #स्वच्छताहीसेवा #GandhiJayanti #SwachhataHiSeva #Raniganj #Araria #SambadiyaNews