
अपराध शाखा -2 की टीम ने पुराना हमीदा मेहंदी हसन की हत्या करने के आरोप में एक और आरोपी को किया गिरफ्तार। अब तक कुल 4 आरोपी हो चुके हैं गिरफ्तार।
16 अगस्त 2026
पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल के मार्गदर्शन में कार्य करते हुए अपराध शाखा -2 की टीम ने पुराना हमीदा में 42 वर्षीय मेहंदी हसन की हत्या करने के आरोप मे एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। अब तक इस मामले में कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। आरोपी को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
इंचार्ज राकेश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि पुराना हमीदा निवासी जब्बार हसन ने शिकायत दर्ज करवाई कि वह मेहंदी हसन सहित पांच भाई है। चाचा कुरबान व उसका बेटा आवेश पिछले कई दिनों से मेहंदी हसन के साथ गाली गलौज कर रहे थे। तीन मई की रात लगभग सवा दस बजे मेहंदी हसन बैठक में बैठा हुआ था। यह बैठक परिवार के साझे की है। तभी वहां पर कुरबान पहुंचा और उसने मेहंदी हसन को शराबी कहकर आवाज लगाई। जिसके बाद उनके बीच बहस हो गई। किसी तरह से बीच बचाव किया लेकिन लगभग 20 मिनट बाद जब मेहंदी हसन घर से बाहर निकला। तभी एकदम से कुरबान उसके बेटे आवेश, साकिर, सोहेल, बलकिशा ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। जिससे उसकी मौत हो गई थी। इस मामले में अब पुलिस टीम ने पुराना हमीदा निवासी सोहेल खान पुत्र कुरबान अली को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में तीन आरोपी पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं।