औरंगाबाद में निगरानी का बड़ा एक्शन: केशव हाई स्कूल का फिजिकल टीचर 10 हजार रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार, ड्रॉवर से 10 हजार बरामद।
औरंगाबाद, 13 अगस्त | 24NewsLive
औरंगाबाद में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने केशव हाई स्कूल के फिजिकल टीचर शशि भूषण यादव उर्फ शशि भूषण कुमार को 10 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
कार्रवाई के बाद निगरानी टीम आरोपी शिक्षक को अपने साथ ले गई और पूछताछ कर रही है।
*मैट्रिक सर्टिफिकेट के लिए मांगी थी रिश्वत*
इस पूरे मामले का खुलासा निगरानी DSP ऋषिता स्नेह ने किया। उन्होंने बताया कि मखरा गांव निवासी संतोष कुमार ने 6 अगस्त को शिक्षक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायतकर्ता ने बताया था कि उन्हें अपनी पत्नी कंचन कुमारी का मैट्रिक सर्टिफिकेट चाहिए था, जिसके एवज में शिक्षक शशि भूषण द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही थी।
*सत्यापन के बाद जाल बिछाकर दबोचा*
DSP ने बताया कि आवेदन मिलने के बाद निगरानी टीम ने मामले का गुप्त रूप से सत्यापन किया, जिसमें आरोप सही पाया गया। इसके बाद गुरुवार को जाल बिछाकर शिक्षक को 10 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ लिया गया और रिश्वत की राशि भी जब्त कर ली गई।
इस छापेमारी टीम में इंस्पेक्टर संतोष दुबे, इंस्पेक्टर अमन आनंद, सब इंस्पेक्टर आशीष चौबे, ASI राकेश कुमार, राहुल कुमार सहित अन्य अधिकारी* मौजूद रहे।
*ड्रॉवर से भी मिले 10 हजार, दाउदनगर के होटल में पूछताछ*
कार्रवाई के दौरान शिक्षक के ड्रॉवर से 10 हजार रुपए बरामद होने की बात सामने आ रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
गिरफ्तारी के बाद निगरानी विभाग की टीम शिक्षक को दाउदनगर स्थित एक निजी होटल में ले गई, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। टीम यह पता लगाने में जुटी है कि इस रैकेट में शिक्षक के अलावा और कौन-कौन शामिल है और क्या इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क काम कर रहा है।
वहीं जिला शिक्षा पदाधिकारी ने बताया कि आधिकारिक रिपोर्ट मिलने के बाद विभागीय स्तर पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
#AurangabadNews #VigilanceRaid #BribeArrest #KeshavHighSchool #BiharNews #24NewsLive