
प्रधान जिला न्यायाधीश श्री शेख सलीम ने सब जेल गंजबासौदा का किया निरीक्षण
..
बंदियों से की चर्चा, समस्याओं की जानकारी लेकर आवश्यक व्यवस्थाओं का लिया जायजा
..
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री शेख सलीम ने बुधवार को सब जेल गंजबासौदा का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) के सचिव श्री नितेन्द्र सिंह तोमर एवं जिला विधिक अधिकारी उपस्थित रहे। प्रधान जिला न्यायाधीश श्री शेख सलीम ने सब जेल के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण कर जेल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बंदियों से प्रत्यक्ष रूप से संवाद करते हुए उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं तथा उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने बंदियों से उनके प्रकरणों की स्थिति तथा विधिक सहायता की आवश्यकता के संबंध में भी चर्चा की।
निरीक्षण के दौरान बंदियों द्वारा बताई गई समस्याओं को गंभीरता से सुना गया तथा संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की गई। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा पात्र बंदियों को उपलब्ध कराई जाने वाली निःशुल्क विधिक सहायता एवं उनके विधिक अधिकारों के संबंध में भी जानकारी दी गई। इस अवसर पर सब जेल गंजबासौदा के जेलर श्री आलोक कुमार भार्गव सहित जेल स्टाफ उपस्थित रहा। #vidisha