
हर घर तिरंगा अभियान के तहत NPS तालबाड़ी में आयोजित हुई क्विज प्रतियोगिता
#बहादुरगंज: हर घर तिरंगा अभियान के तहत नया प्राथमिक विद्यालय तालबाड़ी में विद्यार्थियों के बीच क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्रधान शिक्षिका झुमी कुमारी के नेतृत्व में किया गया, जिसमें विद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर प्रधान शिक्षिका झुमी कुमारी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि क्विज प्रतियोगिता केवल जीतने के लिए नहीं, बल्कि नया ज्ञान प्राप्त करने का एक बेहतरीन अवसर है। उन्होंने कहा कि जीत और हार खेल का हिस्सा हैं, जबकि असली जीत हर सवाल से कुछ नया सीखने में है। ऐसी प्रतियोगिताएं बच्चों के आत्मविश्वास, तार्किक सोच और निर्णय लेने की क्षमता को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि आप सभी पहले से ही विजेता हैं, क्योंकि आपने इस मंच पर आकर अपनी प्रतिभा दिखाने का साहस किया है।
विद्यालय में आयोजित इस गतिविधि के दौरान बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। विद्यार्थियों ने प्रश्नों का उत्तर देने में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और देशभक्ति एवं राष्ट्रीय भावना से जुड़े विषयों के प्रति अपनी जानकारी का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय परिवार की सक्रिय भूमिका रही। सहायक शिक्षक मजाहिर आलम, मुशर्रफ अनवर एवं शिक्षा सेवक राम लाल ने आयोजन में महत्वपूर्ण सहयोग दिया और विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया।
#HarGharTiranga #tiranga