पानी की दरों से लेकर ईंधन सेस तक भाजपा का कांग्रेस सरकार पर हमला।
सुमित शर्मा बोले—पानी की कीमतों में 8% बढ़ोतरी शिमला की जनता पर सीधा आर्थिक प्रहार, अजय ठाकुर ने 60 पैसे प्रति लीटर सेस को बताया जनविरोधी
शिमला। शिमला शहर में पेयजल दरों में प्रस्तावित 8 प्रतिशत बढ़ोतरी और पेट्रोल-डीजल पर 60 पैसे प्रति लीटर नए सेस को लेकर भाजपा ने कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला है। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार जनता को राहत देने के बजाय लगातार महंगाई का बोझ बढ़ा रही है। साथ ही टांडा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के पूर्व विभागाध्यक्ष पर लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोपों की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच की मांग भी उठाई गई।
भाजपा संजौली मंडल की बैठक छोटा शिमला तथा शिमला मंडल की बैठक गंज बाजार में आयोजित की गई। बैठक में भाजपा प्रदेश सचिव एवं जिला प्रभारी सुमित शर्मा तथा प्रदेश प्रवक्ता एवं जिला सह प्रभारी अजय ठाकुर विशेष रूप से मौजूद रहे। संजौली मंडल की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष संजीव चौहान और शिमला मंडल की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष राजीव पंडित ने की।
पानी महंगा करने पर सुमित शर्मा का सरकार पर निशाना
सुमित शर्मा ने कहा कि शिमला शहर में पानी की दरों में प्रस्तावित 8 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी राजधानी की जनता पर सीधा आर्थिक प्रहार है। उनके अनुसार इसका असर 35 हजार से अधिक उपभोक्ताओं पर पड़ेगा और प्रस्तावित नई दरें अगले वर्ष मार्च से लागू की जानी हैं।
उन्होंने कहा कि प्रस्तावित दरों के मुताबिक घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 0 से 20 किलोलीटर तक पानी की दर 22.93 रुपये से बढ़कर 24.76 रुपये, 21 से 30 किलोलीटर तक 39.54 रुपये से बढ़कर 42.71 रुपये तथा 30 किलोलीटर से अधिक खपत पर 71.16 रुपये से बढ़कर 76.85 रुपये किए जाने का प्रस्ताव है।
सुमित शर्मा ने सवाल उठाया कि जब शहर के कई हिस्सों में लोग नियमित पेयजल आपूर्ति को लेकर शिकायतें कर रहे हैं, तो ऐसे में पानी की दरें बढ़ाने का औचित्य क्या है। उन्होंने सरकार से प्रस्तावित वृद्धि पर पुनर्विचार करने की मांग की।
60 पैसे के सेस पर अजय ठाकुर ने घेरा
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अजय ठाकुर ने पेट्रोल और हाई स्पीड डीजल पर 60 पैसे प्रति लीटर अनाथ एवं विधवा सेस लगाए जाने के निर्णय को लेकर सरकार पर निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि जरूरतमंद वर्गों की मदद करना सरकार की जिम्मेदारी है, लेकिन इसके लिए बार-बार आम जनता पर नए कर और सेस लगाना उचित नहीं है। ईंधन की कीमत बढ़ने का असर केवल वाहन चालकों तक सीमित नहीं रहता, बल्कि माल ढुलाई, सार्वजनिक परिवहन और रोजमर्रा की वस्तुओं की कीमतों पर भी इसका प्रभाव पड़ता है।
अजय ठाकुर ने कहा कि “कभी पानी महंगा, कभी पेट्रोल-डीजल पर सेस—सुक्खू सरकार की नीतियों का एक ही परिणाम है, आम आदमी की जेब पर लगातार बढ़ता बोझ।” उन्होंने सरकार से वित्तीय प्रबंधन सुधारने और अनावश्यक खर्चों में कटौती करने की मांग की।
टांडा मेडिकल कॉलेज के मामले में निष्पक्ष जांच की मांग
बैठक में टांडा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के एक विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष के खिलाफ सामने आए भ्रष्टाचार और पद के कथित दुरुपयोग के आरोपों पर भी चर्चा हुई।
भाजपा नेताओं ने कहा कि मीडिया में सामने आई जानकारी के अनुसार एक शिकायतकर्ता ने संस्थान के प्राचार्य और विजिलेंस को शिकायत भेजकर आय से अधिक संपत्ति, सरकारी संसाधनों के कथित दुरुपयोग, विदेश यात्राओं तथा अन्य वित्तीय अनियमितताओं की जांच की मांग की है। शिकायत में सरकारी आवास में करीब 2.90 लाख रुपये के जिम उपकरण लगवाने और कथित तौर पर सरकारी माध्यम से भुगतान किए जाने का आरोप भी शामिल है।
भाजपा ने स्पष्ट किया कि ये फिलहाल शिकायत में लगाए गए आरोप हैं और इनकी सत्यता जांच का विषय है। इसलिए सरकार को मामले की समयबद्ध, निष्पक्ष और पारदर्शी जांच करवानी चाहिए। यदि आरोप गलत हैं तो स्थिति स्पष्ट होनी चाहिए और यदि जांच में अनियमितताएं साबित होती हैं तो दोषी के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।
जनता के मुद्दों को लेकर भाजपा करेगी आंदोलन तेज
भाजपा नेताओं ने कहा कि कांग्रेस सरकार को राजनीतिक बयानबाजी के बजाय जनता की वास्तविक समस्याओं पर ध्यान देना चाहिए। पानी की बढ़ती दरों, ईंधन पर अतिरिक्त सेस और सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में कथित अनियमितताओं जैसे मुद्दे सीधे आम जनता से जुड़े हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा इन मुद्दों को जनता के बीच मजबूती से उठाएगी और सरकार से जवाबदेही तय करने की मांग करती रहेगी।
बैठकों में भाजपा जिला अध्यक्ष केशव चौहान, संजय सूद, कर्ण नंदा, संजीव देशटा, कमल सूद, सुदीप महाजन, गणेश दत्त, गुरमीत सिंह, किमी सूद, जिय लाल, पूर्ण, अजय सरना, बिलाल अहमद, अनीता सूद, अक्षय भरमौरी, ऋतु गौतम, पुनीता सहित पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
न्यूज टुडे हिमाचल ब्यूरो