
औरंगाबाद में बेखौफ बदमाशों का तांडव: सीएसपी संचालक को गो#&ली मारकर 3 लाख रुपये और लैपटॉप लू#@टा, हालत गंभीर
The silence media news
औरंगाबाद: जिले के फेसर थाना इलाके में गुरुवार सुबह बेखौफ अपराधियों ने दिनदहाड़े दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया। बैंक ऑफ बड़ौदा के सीएसपी संचालक को बीच रास्ते घेरकर अपराधियों ने गोली मार दी और करीब 3 लाख रुपये नकद व लैपटॉप लूटकर फरार हो गए। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
घायल युवक की पहचान पिरौटा गांव निवासी कामेश्वर प्रसाद के 32 वर्षीय पुत्र प्रदीप कुमार के रूप में हुई है।
रास्ता रोककर की हाथापाई, विरोध पर मारी गोली
मिली जानकारी के मुताबिक, प्रदीप कुमार कुरहमा गांव में बैंक ऑफ बड़ौदा का ग्राहक सेवा केंद्र (सीएसपी) चलाते हैं। गुरुवार सुबह वह अपने घर से केंद्र खोलने के लिए निकले थे। इसी दौरान बद्री बिगहा और पिरौटा गांव के बीच बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें ओवरटेक कर रोक लिया।
अपराधियों ने बैग छीनने का प्रयास किया, जिसका प्रदीप ने डटकर विरोध किया। खुद को घिरता देख एक अन्य बदमाश ने पिस्तौल निकालकर प्रदीप की जांघ में गोली मार दी। गोली लगते ही वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। इसके बाद लुटेरे नकदी, लैपटॉप और अन्य जरूरी कागजात समेटकर मौके से भाग निकले।
गया मेडिकल कॉलेज रेफर, पुलिस जांच में जुटी
गोलीबारी की आवाज और पीड़ित के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण और स्थानीय पैक्स अध्यक्ष राजू यादव मौके पर पहुंचे। आनन-फानन में प्रदीप को औरंगाबाद सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज (गया) रेफर कर दिया।
वारदात की सूचना मिलते ही फेसर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (एसपी) उपेंद्र नाथ वर्मा ने खुद घटनास्थल का मुआयना किया। एसपी ने बताया कि पूरे इलाके की नाकेबंदी कर दी गई है और पुलिस टीम संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस अधिकारियों को जल्द से जल्द अपराधियों की शिनाख्त कर उन्हें सलाखों के पीछे भेजने के कड़े निर्देश दिए गए हैं। #thesilencemedianews #aurangabad #daudnagar #औरंगाबाद #fesar #SPAurangabad #UpendranathVerma #upendranathvermaips